गांव में इस हाल में हैं चिराग पासवान की सौतेली मां
1 min read
एनसीआई@सेन्ट्रल डेस्क/पटना
लोकजनशक्ति पार्टी (लोजपा) के संस्थापक और सालों तक केन्द्र में मंत्री रहे रामविलास पासवान अब इस दुनिया में नहीं हैं। उनके परिवार में दो पत्नियां और चार बच्चे हैं। पहली पत्नी से रामविलास पासवान की दो बेटियां हुईं थीं, वहीं दूसरी पत्नी से एक बेटा और एक बेटी हुए। लोजपा अध्यक्ष चिराग पासवान रामविलास की दूसरी पत्नी के बेटे हैं। रामविलास पासवान की पहली शादी राजकुमारी देवी से हुई थी। तब पासवान 14 और राजकुमारी 13 साल की थीं।
अपने चुनावी हलफनामे में रामविलास पासवान ने बताया था कि साल 1981 में उन्होंने राजकुमारी देवी तो तलाक दे दिया था। इसके बाद उन्होंने 1983 में रीना शर्मा से शादी रचा ली थी। शादी के बाद से ही राजकुमारी देवी रामविलास के पैतृक गांव शहरबन्नी में रह रही हैं। यह गांव खगड़िया के अलौली में स्थित है। जब रामविलास पासवान पहली बार विधायक बने तो कुछ समय तक राजकुमारी उनके साथ पटना में रहीं और फिर वापस गांव चली गईं।
राजकुमारी देवी बताती हैं कि वह इस गांव में जब आई थीं तब यहां पक्की सड़क तक नहीं थी। उनका कहना है कि वह शादी के बाद बैलगाड़ी पर बैठ इस गांव में आई थीं औऱ अब मरते दम तक यहीं रहेंगी।

साल 1981 में अलग होने के बाद से पासवान कभी अपने पैतृक गांव नहीं गए। राजकुमारी देवी बताती हैं कि पिछले 40 सालों में वह सिर्फ एक बार आए थे। साल 2015 में अपने पिता के निधन पर रामविलास पासवान बेटे चिराग के साथ गांव गए थे।
रामविलास पासवान के निधन की खबर ने राजकुमारी देवी को काफी आघात पहुंचाया। मीडिया में उनकी बेसुध होकर रोते-बिलखते हुए तस्वीरें भी सामने आई थीं।