कोटा: मिलावटी होने के अंदेशे में दो स्थानों से 1500 किलो मावा पकड़ा, सेम्पल ले जांच के लिए भेजे, व्यापारियों में रोष
1 min readएनसीआई@कोटा
दीपावली के सीजन के चलते पुलिस और स्वास्थ्य विभाग का मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान शनिवार को भी जारी रहा। इसमें पुलिस की डीएसटी टीम ने दो अलग अलग इलाकों में कार्रवाई की। इसमें करीब 1500 किलो ऐसा संदिग्ध मावा पकड़ा गया, जो बाजार में सप्लाई होने जा रहा था।
इस दौरान पहली कार्रवाई नयापुरा इलाके में हुई। नयापुरा थाना सीआई भवानी सिंह ने बताया कि ‘शुद्ध के लिए युद्ध’ अभियान के तहत पुलिस विभाग मिलावटखोरों के खिलाफ लगातार शिकंजा कस रहा है। इसी के तहत डीएसटी की टीम ने नयापुरा इलाके में एक जीप से मावा पकड़ा है। इसमें बून्दी निवासी 35 वर्षीय खूब सिंह को हिरासत में लिया गया। पकड़े गए माल की जांच के लिए पुलिस ने खाद्य विभाग व सीएमएचओ को सूचित किया। दूसरी जगह नकली मावे के अंदेशे में 500 से 600 किलो मावा गुमानपुरा थाना क्षेत्र पकड़ा गया। गुमानपुरा सीआई मनोज सिकरवार ने बताया कि इन्द्रा गांधी सर्किल पर नकली मावे के अंदेशे पर काफी मात्रा में मावा पकड़ा है। यह बाजार में सप्लाई होना था। पकड़े गए माल की जांच के लिए पुलिस ने खाद्य विभाग व सीएमएचओ को सूचित किया।कोटा सिटी एसपी गौरव यादव ने बताया कि दोनों स्थानों पर पकड़े गए मावे का वजन लगभग 1500 किलो है। दो गाड़ियां दिल्ली की तरफ से आईं थीं। वहीं एक जीप बून्दी से आई थी। इस प्रकार कार्रवाई में 3 गाड़ियां जब्त कर 2 लोगों को हिरासत में लिया गया है। डेयरी व स्वास्थ्य विभाग की टीम मामले की जांच कर रही है। साथ ही इन मावों के सेम्पल लेकर जांच के लिए लैब में भेजे गए। वहां से जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे कार्रवाई की जाएगी।
व्यापारियों में रोष
दूसरी ओर, पुलिस की इस कार्रवाई से मावे के कारोबार से जुड़े व्यापारियों में रोष है। इन व्यापारियों का कहना है कि सिर्फ नकली मावे का भ्रम है। जनता को गुमराह किया जा रहा है। इसका नुकसान छोटे व्यापारियों को उठाना पड़ रहा है। नकली मावा क्या होता है, यह एक भी अधिकारी नहीं जानता है। इनका यह भी कहना है कि कोटा के व्यापारी तो खुद विभागीय अधिकारियों को दुकानों पर बुलाकर सेम्पल करवा रहे हैं।