एक ही दिन में वेक्सीनेशन का आंकड़ा 2 करोड़ 5 लाख के पार
1 min readएनसीआई@नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 71 में जन्मदिन पर आज देश भर में किए जा रहे विशेष वेक्सीनेशन कार्यक्रम के तहत शाम 5.30 बजे तक करीब 2 करोड़ 5 लाख लोगों को यह टीका लगाया जा चुका था। यह विश्व रिकॉर्ड है। अब तक किसी भी एक दिन में यह आंकड़ा सर्वाधिक 1 करोड़ था।
इस खास मौके पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा देश के अलग-अलग हिस्सों में कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। भाजपा की ओर से ‘सेवा से समर्पण’ केम्पेन शुरू किया गया है, जो आज 17 सितम्बर से 20 दिन तक चलेगा।
मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक लगातार 20 साल
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का ये जन्मदिन इसलिए भी खास है कि इसी साल वे किसी पद पर बने हुए 20 साल पूरे कर लेंगे। 7 अक्टूबर, 2001 को वह गुजरात के मुख्यमंत्री बने थे। तब से अब तक वह मुख्यमंत्री और फिर प्रधानमंत्री पद पर आसीन हैं।
भारतीय जनता पार्टी द्वारा आज कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। लोगों से कोविड प्रोटोकॉल के तहत कार्यक्रम आयोजित करने की अपील की गई है। इसके अलावा आज वेक्सीनेशन के मोर्चे पर बड़ी उपलब्धि मिल सकती है, क्योंकि इस मौके पर तमाम सरकारों और सेंटर्स ने बड़ा टारगेट सामने रखा है। बीजेपी द्वारा भी अपने स्तर पर वेक्सीनेशन केम्प लगाए जा रहे हैं।
दिग्गजों ने दी बधाई
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने पीएम मोदी को बधाई देते हुए लिखा, “भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। मेरी शुभेच्छा है कि आप स्वस्थ रहें और दीर्घायु प्राप्त कर ‘अहर्निशं सेवामहे’ की अपनी सर्वविदित भावना के साथ राष्ट्र सेवा का कार्य करते रहें।”
केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पीएम मोदी को ट्वीट कर जन्मदिन की बधाई दी। अमित शाह ने लिखा कि देश के सर्वप्रिय नेता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी को जन्मदिन की शुभकामनाएं। ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य व सुदीर्घ जीवन की कामना करता हूं। मोदी जी ने न सिर्फ देश को समय से आगे सोचने और परिश्रम की पराकाष्ठा से संकल्प को सिद्ध करने की सोच दी, बल्कि उसको चरितार्थ करके भी दिखाया।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को ट्वीट कर बधाई दी. राहुल गांधी ने ट्वीट कर लिखा, ‘हैप्पी बर्थडे, मोदीजी’। उल्लेखनीय है कि यूथ कांग्रेस आज के दिन को बेरोजगारी दिवस के रूप में मना रही है। इसके तहत उसके अलग-अलग जगह प्रदर्शन हो रहे हैं।
बॉलीवुड स्टार अक्षय कुमार ने भी पीएम मोदी को जन्मदिन पर बधाई दी। अक्षय कुमार ने लिखा कि, आप ने मुझे हमेशा बहुत अपनेपन से हौंसला और आशीर्वाद दिया है। मैं आप जैसा तो नहीं लिख सकता, लेकिन आज आपके जन्मदिन पर आपको दिल से अनेकों बधाई दे रहा हूं। नरेन्द्र मोदी जी. आप स्वस्थ रहें, खुश रहें, मेरी भगवान से आपके लिए यही कामना है।
शाहनवाज हुसैन ने पीएम मोदी के लिए मांगी दुआ
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर उनकी लम्बी उम्र के लिए बिहार सरकार में मंत्री शाहनवाज़ हुसैन ने पटना हाईकोर्ट स्थित मजार में दुआ की। शाहनवाज़ हुसैन ने कहा कि पीएम मोदी सबसे ज्यादा लम्बे समय तक प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड तोड़ेंगे।
कांग्रेस के बेरोजगारी दिवस पर तंज कसते हुए शाहनवाज़ हुसैन ने कहा कि कांग्रेस के सारे नेता बेरोजगार हो चुके हैं, उन्हें सिर्फ अपनी चिंता रहती है, इसलिए कांग्रेस मर्यादा का भी पालन नहीं करती। इंदिरा गांधी, राजीव गांधी या सोनिया गांधी के जन्मदिन पर क्या बीजेपी के लोग इस तरह के अपशब्द बोलते हैं? सिख समुदाय के लोगों का मन बहुत आहत रहता है, लेकिन राजीब गांधी के जन्मदिन पर वो भी मर्यादा का पालन करते हैं।
71 नावों पर 71 केक रख मनाया जन्मदिन
बिहार के दरभंगा में मछुआरा समाज के नेता एमएलसी अर्जुन सहनी ने देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जन्मदिन अनोखे तरीके से मनाया। दरभंगा शहर के हराही तालाब के बीच पानी के अंदर नाव पर केक काट कर प्रधानमंत्री को बधाई दी।
प्रधानमंत्री के 71वें जन्मदिन के अवसर पर 71 नाव पर न सिर्फ 71 केक रखा गए थे, बल्कि एक 71 किलोग्राम के बड़े लड्डूनुमा केक को खुद अर्जुन साहनी ओर दरभंगा शहर के विधायक संजय सरावगी ने काटा। इसके बाद नरेन्द्र मोदी की तस्वीर को लड्डू खिलाकर। उनके जुग-जुग जीने की भगवान से कामना की।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जन्म 17 सितम्बर, 1950 को हुआ था। बेहद कम उम्र में उन्होंने अपना घर छोड़ दिया था और तभी से ही अकेले जीवन जीने की कोशिश की। शुरुआत में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, फिर भारतीय जनता पार्टी के लिए पीएम मोदी ने अलग-अलग स्तर पर काम किया। साल 2001 में उन्हें गुजरात का मुख्यमंत्री बनाया गया। साल 2014 तक वह गुजरात के सीएम रहे और फिर देश के प्रधानमंत्री बने। अभी तक नरेन्द्र मोदी देश के प्रधानमंत्री हैं।