April 22, 2026

News Chakra India

Never Compromise

2021 में देश में 5 जी क्रांति लेकर आएगा जियो : मुकेश अम्बानी

2021 में देश में 5 जी क्रांति लेकर आएगा जियो : मुकेश अम्बानी

• 2021 की दूसरी छमाही में 5 जी लॉन्च की तैयारी के संकेत
• सॉफ्टवेयर के साथ हार्डवेयर में भी आत्मनिर्भर बनेगा भारत
• चौथी औद्योगिक क्रांति को लीड करेगा देश
एनसीआई@नई दिल्ली
रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अम्बानी ने मंगलवार को वर्चुअल इंडिया मोबाइल कांग्रेस (IMC) को सम्बोधित करते हुए उन 30 करोड़ भारतीयों की दशा पर चिंता जताई जो डिजिटल वर्ल्ड में आज भी 2जी तकनीक में फंसे हुए हैं। मुकेश अम्बानी ने सरकार से आग्रह किया कि वह इस दिशा में कदम उठाए ताकि यह 30 करोड़ लोग भारत की डिजिटल अर्थव्यवस्था से जुड़ कर इसका लाभ उठा सकें। उन्होंने 2जी से 30 करोड़ भारतीयों को मुक्त करने और उन्हें स्मार्टफोन पर शिफ्ट करने के लिए सरकार से पॉलिसी बनाने का अनुरोध किया।
मुकेश अम्बानी ने 2021 के दूसरी छमाही में स्वदेशी 5 जी तकनीक लॉन्च करने की तैयारी के भी संकेत दिए। उन्होंने रिलायंस जियो की 5जी तकनीक को स्वदेशी बताया। मुकेश अम्बानी ने कहा कि जियो की स्वदेशी 5 जी तकनीक प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर भारत मिशन की सफलता का गवाह है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के डिजिटल मिशन की प्रशंसा करते हुए मुकेश अम्बानी ने कोविड काल में इसे देश की डिजिटल लाइफ लाइन बताया। सरकार के प्रयासों की सरहाना करते हुए मुकेश अम्बानी ने कहा कि देश जल्द ही सॉफ्टवेयर के साथ हार्डवेयर में भी अव्वल होगा।
IMC 2020 का आयोजन दूरसंचार विभाग, भारत सरकार और सेलुलर ऑपरेटर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (COAI) द्वारा किया जा रहा है। दूरसंचार उद्योग के इस कार्यक्रम के चौथे संस्करण का आयोजन कोरोना वायरस महामारी के कारण पहली बार वीडियो काँफ्रेन्स के जरिये किया जा रहा है। कार्यक्रम 8 से 10 दिसम्बर तक चलेगा।
इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2020 का विषय ‘समग्र अन्वेषण – स्मार्ट, सुरक्षित, टिकाऊ’ है। इसके आयोजन का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘आत्मनिर्भर भारत’, ‘डिजिटल समावेश’ और ‘निरंतर विकास, उद्यम तथा अन्वेषण’ को प्रोत्साहित करना है।
केन्द्रीय दूरसंचार मंत्री रविशंकर प्रसाद, दूरसंचार राज्यमंत्री संजय धोत्रे तथा दूरसंचार सचिव अंशु प्रकाश ने कार्यक्रम में उपस्थित रहे। रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के अध्यक्ष मुकेश अम्बानी के अलावा भारती समूह के संस्थापक और अध्यक्ष सुनील भारती मित्तल ने भी कार्यक्रम को सम्बोधित किया।
इंडियन मोबाइल कांग्रेस में 30 से अधिक देशों के 210 राष्ट्रीय और अन्तरराष्ट्रीय स्पीकर और करीब 3,000 से अधिक प्रतिनिधियों के भाग लेने की उम्मीद है। आईएमसी 2020 में विभिन्न मंत्रालयों,  दूरसंचार कम्पनियों के सीईओ, वैश्विक सीईओ, 5-जी तकनीक के एक्सपर्ट, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आईओटी), डेटा एनालिटिक्स, क्लाउड एंड एज कंप्यूटिंग, ब्लॉकचेन, साइबर-सिक्योरिटी के एक्सपर्ट शिरकत करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.