एसीबी ने अपने ही डीएसपी को 80 हजार रुपए रिश्वत लेते धरा, घूस देने वाला परिवहन अधिकारी भी गिरफ्तार

एनसीआई@जयपुर/सवाई माधोपुर
एसीबी ने बुधवार को इंटरनेशनल एंटी करप्शन डे पर अपने ही डीएसपी को 80 हजार रुपए की रिश्वत लेते दबोचा। राज्य में यह अपनी तरह की पहली कार्रवाई है। इसे जयपुर एसीबी की टीम ने सवाई माधोपुर में अंजाम दिया। आरोपी अधिकारी भैरुंलाल मीणा यहीं तैनात है। मीणा के पास सवाईमाधोपुर एसीबी चौकी प्रभारी की जिम्मेदारी भी है। इस मामले में एसीबी ने सवाईमाधोपुर के जिला परिवहन अधिकारी महेशचंद को भी मासिक बंधी के लिए में डीएसपी को रिश्वत देने के जुर्म में गिरफ्तार किया है।
एसीबी के डीजी बीएल सोनी ने बताया कि भैरुंलाल मीणा का करीब दो साल बाद रिटायरमेंट होने वाला है। पिछले कुछ महीनों से शिकायतें मिल रहीं थीं कि उन्होंने विभिन्न विभागों के बड़े अफसरों से सेटिंग कर रखी है। वह इन अफसरों को ट्रेप की कार्रवाई नहीं करने का आश्वासन देकर मासिक बंधी के तौर पर अपने ही कार्यालय में रिश्वत वसूलता है। इस पर एसीबी करीब तीन महीने से अपने ही इस अफसर निगरानी रख रही थी।
वहीं, एडीजी दिनेश एमएन ने बताया कि सवाईमाधोपुर का जिला परिवहन अधिकारी महेशचंद बुधवार को भैरुंलाल मीणा को मासिक बंधी के 80 हजार रुपए की रिश्वत देने उनके ऑफिस में पहुंचा। तभी एसीबी की टीम ने भैरुंलाल मीणा को रिश्वत लेने और महेशचंद को रिश्वत देने के जुर्म में गिरफ्तार कर लिया। साथ ही रिश्वत की रकम बरामद कर ली। इसके ठीक बाद इन दोनों आरोपियों के घरों पर सर्च की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई।
