राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के लिए बून्दी जिले में अब तक 1 करोड़ 40 लाख रुपए जमा
बून्दी। चौथ माता मंदिर, बाणगंगा की ओर से अध्यक्ष गोपाल गुर्जर एक लाख ग्यारह हजार एक सौ ग्यारह रुपए का चेक इन्द्र नारायण शर्मा को सौंपते हुए।
एनसीआई@बून्दी
अयोध्या में भगवान श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के निर्माण के लिए सम्पूर्ण देश में जारी समर्पण अभियान के तहत बून्दी जिले में भी भारी उत्साह देखा जा रहा है। बून्दी जिले के लगभग सभी 870 गांवों में समर्पण अभियान जारी है। समर्पण अभियान के कार्यकर्ता प्रत्येक परिवार तक जाकर समर्पण के लिए आग्रह कर रहे हैं। अब तक जिले के विभिन्न परिवारों से 1 करोड़ 40 लाख रुपए का समर्पण श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के लिए हो चुका है। जिला प्रचार प्रमुख लोकेश वशिष्ठ ने यह जानकारी दी।
राम उत्सव प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य महेन्द्र कुमार शर्मा ने बताया कि सम्पूर्ण अभियान का 31 जनवरी से शुरू हुआ द्वितीय चरण 15 फरवरी तक जारी रहेगा। इसके लिए दस रुपए, सौ रुपए तथा हजारों रुपए के कूपन के साथ अधिक धनराशि देने वालों के लिए रसीद की व्यवस्था है। इस अभियान के दौरान प्रत्येक परिवार में समर्पण के लिए अपार श्रद्धा-विश्वास देखने को मिल रहा है। इस अवसर पर आज चौथमाता समिति बाणगंगा बून्दी की ओर से समिति के अध्यक्ष गोपाल गुर्जर ने 1 लाख 11 हजार 111 रुपए की राशि समर्पित की। इस सारे अभियान को केन्द्रीय समिति के मार्गदर्शन में पूर्ण पारदर्शिता रखते हुए चलाया जा रहा है। प्रत्येक कूपन, रसीद प्राप्त राशि का ऑनलाइन फीडिंग कार्य एप के माध्यम से कर पूर्ण पारदर्शिता बरती जा रही है। साथ ही सभी समर्पणकर्ताओं को श्री राम जन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से आभार संदेश मिल रहा है। समय-समय पर इस कार्य की समीक्षा वरिष्ठ पदाधिकारियों द्वारा की जाती है। इस कार्य में समाज का प्रत्येक तबका, चाहे उनकी आर्थिक स्थिति कैसी भी हो, श्रद्धा भाव के अनुसार अपना समर्थन दे रहा है, जो हमारे लिए गौरव का विषय है।
