कोरोना अपडेट: एक ही दिन में 10 हजार की बढ़ोतरी के साथ 35 हजार 197 नए केस मिले
अच्छी बात यह है कि कोरोना से ठीक होने वालों की तादाद अधिक होने से सक्रिय (Active) केस में लगातार चौथे दिन गिरावट आई
एनसीआई@नई दिल्ली/सेन्ट्रल डेस्क
देश में कोरोना के नए मामलों में सोमवार को आई गिरावट के बाद इसमें एक बार फिर बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मंगलवार को 35,197 ने केस मिले, जबकि एक दिन पहले सोमवार को इनकी संख्या 24,692 ही थी। दूसरी ओर, 24 घंटे में 37,136 संक्रमित ठीक भी हुए हैं, इससे सक्रिय (Active) केस यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में 2,398 की कमी आई है। मगर 440 कोरोना मरीजों की मौत भी हो गई। यह चौथा दिन था, जब नए संक्रमितों की संख्या में गिरावट दर्ज की गई थी। अब 3.61 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है।
देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में
•बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 35,197
•बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 37,136
•बीते 24 घंटे में कुल मौतें: 440
•अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 3.22 करोड़
•अब तक ठीक हुए: 3.14 करोड़
•अब तक कुल मौतें: 4.32 लाख
•अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 3.61 लाख
केरल में तीसरी लहर की आशंका, सक्रियता बढ़ी
केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने कोरोना की तीसरी लहर की आशंका को देखते हुए अधिकारियों को 48 अस्पतालों में चाइल्ड केयर यूनिट (CCU) और इंटेंसिव केयर यूनिट (ICU) स्थापित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि तीन महीने में ही इनकी 60% सुविधाएं पूरी हो जानी चाहिए।
मुम्बई में 130 दिन के लम्बे इंतजार के बाद 15 अगस्त को मॉल खोले गए थे, लेकिन दो दिन बाद ही (17 अगस्त) फिर बंद कर दिए गए। दरअसल, महाराष्ट्र सरकार के सर्कुलर में कहा गया कि मॉल और उसके आउटलेट्स के सभी कर्मचारियों के लिए वेक्सीन का दूसरा डोज लेना जरूरी है। इस शर्त को पूरा नहीं कर सकने की स्थिति में मंगलवार दोपहर से करीब सभी मॉल्स बंद हो गए।
8 राज्यों में लॉक डाउन जैसी पाबंदियां
देश के 8 राज्यों में पूर्ण लॉक डाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉक डाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।
23 राज्यों/केन्द्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉक डाउन
देश के 23 राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉक डाउन है। यहां पाबंदियों के साथ छूट भी है। इनमें छत्तीसगढ़, कर्नाटक, केरल, बिहार, दिल्ली, महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।
प्रमुख राज्यों के हाल
1. केरल
यहां मंगलवार को 21,613 लोग संक्रमित पाए गए थे, वहीं 18,556 मरीज ठीक भी हुए, जबकि 127 संक्रमितों की मौत हो गई। यहां अब तक 37.24 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 35.29 लाख मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 18,870 लोगों की मौत हुई है। फिलहाल 1.75 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है।
2. महाराष्ट्र
यहां मंगलवार को 4,408 लोग और संक्रमित मिले। वहीं, 5,424 मरीज ठीक हुए, 116 की मौत हो गई। यहां अब तक 64.01 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 62.01 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 1.35 लाख लोगों की मौत हुई है। फिलहाल 61,306 मरीजों का इलाज चल रहा है।
3. दिल्ली
राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार को 27 और लोग कोरोना संक्रमित मिले, जबकि 73 मरीज स्वस्थ हुए, वहीं 4 की मौत हो गई। यहां अब तक कुल 14.37 लाख संक्रमित मिले हैं। इनमें 14.11 लाख मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 25,073 की मौत हो गई। अब यहां 471 मरीजों का इलाज चल रहा है।
4. उत्तर प्रदेश
देश के इस सबसे बड़े राज्य में मंगलवार को 26 लोग और संक्रमित मिले, जबकि 24 लोग ठीक हुए, जबकि 1 मरीज की जान गई। अब तक राज्य में 17.08 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित मिले हैं। इनमें से 16.85 लाख मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 22,786 ने दम तोड़ दिया। यहां 420 मरीजों का इलाज चल रहा है।
5. गुजरात
यहां मंगलवार को 17 नए कोरोना पॉजिटिव केस मिले, जबकि 22 मरीज ठीक भी हुए। यहां अब तक करीब 8.25 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 8.14 लाख मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 10,078 मरीजों की मौत हुई है। अब यहां 179 कोरोना पॉजिटिव मरीजों का इलाज चल रहा है।
6. मध्यप्रदेश
यहां मंगलवार को 11 नए मामले सामने आए और 10 मरीज ठीक हुए। अब तक राज्य में 7.92 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 7.81 लाख मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 10,515 की मौत हो गई। अब 95 मरीजों का यहां इलाज चल रहा है।
7. राजस्थान
यहां मंगलवार को 6 नए कोरोना संक्रमित मिले, वहीं 23 मरीज ठीक भी हुए। अब तक राज्य में 9.53 लाख लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। इनमें से 9.44 लाख मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 8,954 मरीजों की मौत हुई है। अब 163 संक्रमितों का इलाज चल रहा है।
