April 17, 2026

News Chakra India

Never Compromise

RPSC: 11 अभ्यर्थियों की परीक्षा निरस्त, 5 अभ्यर्थी सदैव के लिए प्रतिबन्धित, फुल कमीशन की बैठक में लिया निर्णय, जानें कारण

RPSC: 11 अभ्यर्थियों की परीक्षा निरस्त, 5 अभ्यर्थी सदैव के लिए प्रतिबन्धित, फुल कमीशन की बैठक में लिया निर्णय, जानें कारण

एनसीआई@जयपुर

राजस्थान लोक सेवा आयोग के फुल कमीशन की आज शुक्रवार को हुई बैठक में गहनता से विचार विमर्श कर सर्वसम्मति से अनुचित साधनों के प्रयोग के प्रकरण तथा उत्तर पुस्तिकाओं में असम्बन्धित टिप्पणी करने वाले अभ्यर्थियों पर सख्त कार्यवाही करने का निर्णय लिया गया।

आयोग सचिव एचएल अटल ने बताया कि उप निरीक्षक प्रतियोगी परीक्षा, 2021 में अभ्यर्थियों द्वारा अपनाए गए अनुचित साधन प्रयोग के 11 प्रकरणों पर विचार किया गया। सभी प्रकरणों में सम्बन्धित अभ्यर्थियों की वर्तमान परीक्षा निरस्त करने का निर्णय लिया गया। इनमें से 5 प्रकरणों में सम्बन्धित अभ्यर्थियों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण अलग से दर्ज हैं। इसके अतिरिक्त इन्हें भविष्य में आयोजित होने वाली आयोग की सभी परीक्षाओं से सदैव के लिए प्रतिबंधित करने का निर्णय भी फुल कमीशन की बैठक में लिया गया है।

इसी प्रकार 4 प्रकरणों में सम्बन्धित अभ्यर्थियों को 3 वर्ष के लिए भविष्य में आयोजित होने वाली आयोग की समस्त परीक्षाओं से प्रतिबंधित करने का निर्णय लिया गया। वहीं 2 प्रकरणों में सम्बन्धित अभ्यर्थियों को 5 वर्ष के लिए भविष्य में आयोजित होने वाली आयोग की समस्त परीक्षाओं से प्रतिबंधित करने का निर्णय लिया गया है।

अटल ने बताया कि राजस्थान राज्य अधीनस्थ सेवाएं संयुक्त प्रतियोगी मुख्य परीक्षा, 2018 की उत्तर पुस्तिकाओं में असम्बन्धित टिप्पणी करने वाले अभ्यर्थियों के 9 प्रकरणों पर भी विचार-विमर्श किया गया। सभी प्रकरणों में सम्बन्धित अभ्यर्थियों की वर्तमान परीक्षा को निरस्त करने का निर्णय लिया गया। साथ ही इनमें से 2 प्रकरणों में सम्बन्धित अभ्यर्थियों को 3 वर्ष के लिए भविष्य में आयोजित होने वाली आयोग की समस्त परीक्षाओं से प्रतिबंधित करने का निर्णय भी लिया गया है।

राज्य के बाहर के अभ्यर्थी द्वारा गलत तथ्यों के आधार पर जारी प्रमाण-पत्र के प्रकरण में आयोग द्वारा सम्बन्धित अभ्यर्थी की परीक्षा को निरस्त करते हुए आयोग द्वारा भविष्य में आयोजित होने वाली समस्त परीक्षाओं से सदैव के लिए प्रतिबंधित करने का निर्णय लिया गया है। बैठक के दौरान विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं एवं संवीक्षा परीक्षाओं की तिथि निर्धारण सहित अन्य विभिन्न प्रकरणों पर भी विचार विमर्श किया गया।

सहायक आचार्य-पंजाबी के साक्षात्कार 30 मई को होंगे

राजस्थान लोक सेवा आयोग ने शुक्रवार को सहायक आचार्य (कॉलेज शिक्षा विभाग), 2020 के पदों के साक्षात्कार की तिथि जारी कर दी।

सचिव एचएल अटल ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार साक्षात्कार 30 मई 2022 को आयोजित किए जाएंगे। साक्षात्कार पत्रों को आयोग की वेबसाइट पर यथा समय अपलोड कर दिया जाएगा। इसमें सम्मिलित होने वाले सभी अभ्यर्थी अपने समस्त मूल प्रमाण-पत्र मय फोटो प्रति अवश्य साथ लाएं। इनके अभाव में अभ्यर्थियों को साक्षात्कार से वंचित कर दिया जाएगा।

साक्षात्कार में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों को राज्य एवं केन्द्र सरकार द्वारा जारी कोरोना गाइड लाइन की पालना भी करनी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.