राजस्थान: 20 जिलों में बारिश का अलर्ट, जयपुर सहित कई शहरों में हुई अच्छी बारिश, 3 डिग्री तक तापमान गिरा
एनसीआई@जयपुर
पड़ोसी राज्यों में मानसून के आगे बढ़ते ही गुरुवार को राजस्थान में भी बारिश का दौर शुरू हो गया। इसके चलते दक्षिण-पूर्वी जिलों में अच्छी बरसात हुई। भरतपुर, कोटा, जयपुर और उदयपुर सम्भाग के कई जिलों में दोपहर में तेज बारिश हुई। इससे लोगों को उमस से थोड़ी राहत मिली। अलवर में एक इंच से ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई।
भरतपुर में बाजार की सड़कें लबालब हो गईं। पानी के कारण शहर में कई सड़कों पर कटाव हो गया और गड्ढे हो गए। करौली के हिण्डौन में करीब 9.5 एमएम बारिश दर्ज हुई। अलवर और करौली के साथ दौसा, सवाई माधोपुर, डूंगरपुर, बारां, बूंदी, टोंक में भी हल्की बारिश हुई है। सुबह से दोपहर तक एक इंच से ज्यादा (32.5 एमएम) बारिश रिकॉर्ड हुई।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान पूर्वी राजस्थान के कई इलाकों में अच्छी बारिश होने के साथ बिजली चमकने की सम्भावना भी जताई।
जयपुर में लगातार दूसरे दिन बारिश
राजधानी जयपुर में दिनभर तेज उमस और गर्मी रही, लेकिन दोपहर बाद तेज बारिश ने राहत दिलाई। जयपुर के टोंक रोड, जेएलएन मार्ग, सहकार मार्ग, राजापार्क, आगरा रोड समेत कई जगहों पर बारिश दर्ज की गई। जयपुर मौसम केन्द्र के अनुसार जयपुर शहर में 1.5 एमएम से ज्यादा बरसात दर्ज हुई है। शहर के अलावा जयपुर ग्रामीण के बस्सी, फागी, चाकसू, कालवाड़ क्षेत्रों में भी झमाझम बारिश देखने को मिली।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार राजस्थान में अगले सप्ताह मानसून बांसवाड़ा, डूंगरपुर, झालावाड़ के रास्ते एंट्री कर सकता है।
मध्य प्रदेश में मानसून की एंट्री
गुरुवार को मानसून की दक्षिण-पश्चिमी सीमा महाराष्ट्र, गुजरात से आगे बढ़कर मध्य प्रदेश की सीमा में एंट्री हो गई है। मध्य प्रदेश में खण्डवा, बैतूल जिले में आज मानसूनी बारिश दर्ज की गई। वहीं, गुजरात में सूरत, भरूच, भावनगर, जूनागढ़ तक मानसून पहुंच गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि राजस्थान में अगले हफ्ते बांसवाड़ा, डूंगरपुर के रास्ते मानसून की एंट्री हो सकती है।
20 जून तक होगी बारिश
जयपुर मौसम केन्द्र की रिपोर्ट के मुताबिक राजस्थान में अगले 4 दिन बारिश का दौर जारी रहेगा। 17 जून को गंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर, चूरू, झुंझुनूं, सीकर, अलवर, जयपुर, भरतपुर, दौसा, सवाई माधोपुर, नागौर, अजमेर, टोंक जिलों में बारिश हो सकती है। इसी तरह 18 व 19 जून को गंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, झुंझुनूं, अलवर, सीकर, जयपुर, दौसा और भरतपुर में और 20 जून को बीकानेर, जयपुर, भरतपुर सम्भाग के कुछ जिलों में बारिश हो सकती है।
