April 23, 2026

News Chakra India

Never Compromise

मन की बात में पीएम मोदी का कांग्रेस पर बड़ा हमला

मन की बात में पीएम मोदी का कांग्रेस पर बड़ा हमला

एनसीआई@नई दिल्ली

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने रविवार को ‘मन की बात’ (Mann Ki Baat) कार्यक्रम को सम्बोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने मन की बात कार्यक्रम की शुरूआत में ‘आपातकाल’ का जिक्र किया। पीएम मोदी ने नौजवानों से सवाल पूछते हुए कहा कि कहा आज की पीढ़ी के नौजवानों से एक सवाल पूछना चाहता हूं और सवाल बहुत गम्भीर है। मेरे नौजवान साथियों, हमारे देश में एक बार ऐसा हुआ था। जब 1975 में जून के समय में ‘आपातकाल’ लागू किया गया था।

‘आपातकाल’ के दौर में लोकतंत्र को कुचला

पीएम मोदी ने कहा उस समय भारत के लोकतंत्र को कुचल देने का प्रयास किया गया था। देश की अदालतें, हर संवैधानिक संस्था, प्रेस, सब पर नियंत्रण लगा दिया गया था। सेंसरशिप की ये हालत थी कि बिना स्वीकृति कुछ भी छापा नहीं जा सकता था। भारत के लोगों ने लोकतांत्रिक तरीके से ही ‘आपातकाल’ को हटाकर, वापस, लोकतंत्र की स्थापना की। तानाशाही की मानसिकता को, तानाशाही वृति-प्रवृत्ति को लोकतांत्रिक तरीके से पराजित करने का ऐसा उदाहरण पूरी दुनिया में मिलना मुश्किल है।

पीएम मोदी ने कहा आज हमारा भारत जब इतने सारे क्षेत्रों में सफलता का आकाश छू रहा है, तो आकाश, या अन्तरिक्ष, इससे अछूता कैसे रह सकता है। बीते कुछ समय में हमारे देश में स्पेस सेक्टर से जुड़े कई बड़े काम हुए हैं। देश की इन्हीं उपलब्धियों में से एक है In-Space नाम की एजेंसी का निर्माण।

नीरज ने अपने ही रिकॉर्ड को तोड़ा

पीएम मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में नीरज चोपड़ा का जिक्र किया। उन्होंने कहा बीते दिनों हमारे ओलम्पिक गोल्ड मेडल विजेता नीरज चोपड़ा फिर से सुर्खियों में छाए रहे। फिनलैंड में नीरज ने Paavo Nurmi Games में सिल्वर जीता। यही नहीं, उन्होंने अपने ही Javelin Throw के रिकार्ड को भी तोड़ दिया।

खेलो इंडिया यूथ गेम्स में कई प्रतिभाएं सामने आईं

पीएम मोदी ने कार्यक्रम के दौरान कहा हाल ही में आयोजित हुए खेलो इंडिया यूथ गेम्स में भी हमारे खिलाड़ियों ने कई रिकार्ड बनाए। खेलो इंडिया यूथ गेम्स में इस बार भी कई ऐसी प्रतिभाएं उभरकर सामने आई हैं, जो बहुत साधारण परिवारों से हैं। इन खिलाड़ियों ने अपने जीवन में काफी संघर्ष किया।

मिताली राज को भविष्य के लिए बधाई

पीएम मोदी ने भारतीय महिला क्रिकेटर मिताली राज का जिक्र किया। पीएम मोदी ने कहा मैं आज भारत की सर्वाधिक प्रतिभाशाली क्रिकेटरों में से एक मिताली राज की भी चर्चा करना चाहूंगा। उन्होंने, इसी महीने क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की है, जिसने कई खेल प्रेमियों को भावुक कर दिया है। मैं मिताली को उनके भविष्य के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं देता हूं।

स्वच्छता का सन्देश लेकर निकली साइकिल रैली

पीएम मोदी ने कार्यक्रम के दौरान कहा हिमाचल प्रदेश में एक अनोखी साइकिलिंग रैली चल रही है। स्वच्छता का सन्देश लेकर साइकिल सवारों का एक समूह शिमला से मंडी तक निकला है। पहाड़ी रास्तों पर करीब पौने दो सौ किलोमीटर की ये दूरी ये लोग साइकिल चलाते हुए ही पूरी करेंगे। इस समूह में बच्चे और बुजुर्ग भी हैं।

भगवान जगन्नाथ की प्रसिद्ध यात्रा का जिक्र

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भगवान जगन्नाथ की प्रसिद्ध यात्रा का जिक्र किया। उन्होंने कहा 1 जुलाई से भगवान जगन्नाथ की प्रसिद्ध यात्रा शुरू होने जा रही है। ओडिशा के पुरी की यात्रा से तो हर देशवासी परिचित है, लोगों का प्रयास रहता है कि इस अवसर पर पुरी जाने का सौभाग्य मिले। दूसरे राज्यों में भी जगन्नाथ यात्रा खूब धूमधाम से निकाली जाती हैं।

गुजरात में संस्कृत उत्सव की शुरुआत की थी

पीएम मोदी ने कार्यक्रम के दौरान कहा कि हमारे ग्रंथों में ‘आषाढस्य द्वितीयदिवसे रथयात्रा’, इस तरह संस्कृत श्लोकों में वर्णन मिलता है। गुजरात के अहमदाबाद में भी हर वर्ष आषाढ़ द्वितीया से रथयात्रा चलती है। मैं गुजरात में था, तो मुझे भी हर वर्ष इस यात्रा में सेवा का सौभाग्य मिलता था। मेरे लिए इसलिए भी ये दिन बहुत खास है। मुझे याद है, आषाढ़ द्वितीया से एक दिन पहले, यानी, आषाढ़ की पहली तिथि को हमने गुजरात में एक संस्कृत उत्सव की शुरुआत की थी, जिसमें संस्कृत भाषा में गीत-संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम होते हैं।

पीएम मोदी ने किया स्टार्टअप का जिक्र

पीएम मोदी ने कहा कि चेन्नई और हैदराबाद के दो Start-Ups हैं, अग्निकुल और स्काईरूट। ये Start-Ups ऐसे Launch Vehicle विकसित कर रही हैं, जो अन्तरिक्ष में छोटे payloads लेकर जाएंगे। इससे Space Launching की कीमत बहुत कम होने का अनुमान है। इसी तरह, बेंगलुरु के एक Space Start-Up Astrome की founder नेहा भी एक कमाल के आइडिया पर काम कर रही हैं। ये Start-Up ऐसे Flat Antenna बना रहा है जो न केवल छोटे होंगे, बल्कि उनकी कीमत भी काफी कम होगी। इस टेक्नोलाजी की डिमांड पूरी दुनिया में हो सकती है।

200 करोड़ कोविड-19 वैक्सीन खुराक देने के करीब

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि भारत 200 करोड़ कोविड -19 वैक्सीन खुराक देने के करीब है। देश में एहतियाती खुराक तेजी से दी जा रही है।

पीएम ने कहा कि “हमें कोरोना के खिलाफ सावधानी बरतनी है। हालांकि, यह संतोष की बात है कि आज देश के पास एक वैक्सीन का व्यापक सुरक्षा कवच है। हम वैक्सीन की 200 करोड़ खुराक के करीब पहुंच चुके हैं। एहतियात की खुराक भी तेजी से देश में प्रशासित की जा रही है। अगर आपकी दूसरी खुराक के बाद एहतियाती खुराक का समय है, तो आपको यह तीसरी खुराक अवश्य लेनी चाहिए। अपने परिवार के सदस्यों, विशेष रूप से बुजुर्गों को, एहतियाती खुराक लेने के लिए कहें।’ उन्होंने रेडियो पर मासिक कार्यक्रम ‘मन की बात’ को सम्बोधित करते हुए यह बात कही।

प्रधानमंत्री ने लोगों को हाथ की स्वच्छता और मास्क जैसी आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह भी दी और बारिश के मौसम में आसपास की गंदगी से होने वाली बीमारियों से भी सतर्क रहने को कहा।

मोदी ने कहा “हमें हाथ की स्वच्छता और मास्क जैसी आवश्यक सावधानियां भी बरतनी हैं। हमें बारिश के मौसम में आसपास की गंदगी से होने वाली बीमारियों से भी सतर्क रहना होगा। आप सभी सतर्क रहें, स्वस्थ रहें और इसी तरह की सकारात्मक ऊर्जा के साथ आगे बढ़ते रहें।”
आगे कहा, ” वैक्सीन की उपलब्धता को देखते हुए राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों के लिए टीकाकरण अभियान को तेज किया गया है, ताकि उनके द्वारा बेहतर योजना बनाई जा सके और वैक्सीन आपूर्ति को सुव्यवस्थित किया जा सके। राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत भारत सरकार राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों को निशुल्क प्रदान कर रही है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.