देवबंद: राष्ट्रीय मुस्लिम मंच के जिला संयोजक मुशर्रफ अली ने शिवलिंग पर किया जलाभिषेक, बोले- भगवान भोलेनाथ में मेरी आस्था
एनसीआई@सेन्ट्रल डेस्क
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जनपद के देवबंद में राष्ट्रीय मुस्लिम मंच के जिला संयोजक राव मुशर्रफ अली द्वारा शिवलिंग पर भगवान आशुतोष का जलाभिषेक करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसमें मुशर्रफ अली शिवलिंग के समक्ष मंत्रोच्चारण से पूजा-अर्चना करते दिखाई दिए।
वायरल वीडियो पर राव मुशर्रफ अली ने कहा कि भगवान शिव भोलेनाथ की हम सब पर कृपा बनी रहे। हमने अपने पूर्वजों की परम्पराओं और भारतीय संस्कृति को आगे बढ़ाते हुए शिवलिंग पर जलाभिषेक किया है।
अली ने कहा कि भगवान भोलेनाथ में उनकी आस्था है। वह जल्द ही वाराणसी जाकर भोले बाबा का जलाभिषेक करेंगे। उल्लेखनीय है कि राव मुशर्रफ अली अपने ऐसे ही कृत्यों और विचारों के कारण हमेशा उलमाओं के निशाने पर तो रहते ही हैं, उन्हें विदेशों से भी कई बार धमकियां मिल चुकी हैं। इस पर उन्होंने पुलिस में रिपोर्ट भी दर्ज कराई है।
