गरबा खेलते समय युवक की मौत, पिता ने सुना तो सदमे से दम तोड़ दिया
एनसीआई@मुम्बई
महाराष्ट्र के पालघर में गरबा में नाचते-नाचते 35 साल के एक युवक की मौत के बाद उसके पिता ने भी सदमे से दम तोड़ दिया। इससे इनके परिवार में तो हाहाकार मचा ही है, वहीं जिसने भी यह खबर सुनी वह भी सन्न रह गया।
विरार पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मनीष नरपजी सोनिग्रा शनिवार और रविवार की दरमियानी रात विरार के ग्लोबल सिटी परिसर में एक गरबा कार्यक्रम में नाचते हुए गिर पड़ा था। उसके 66 वर्षीय पिता नरपजी सोनिग्रा उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत की जानकारी पिता को हुई तो नरपजी सोनिग्रा भी गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पिता और बेटे के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज कर लिया गया है।
गुजरात में भी गरबा खेलते वक्त गई थी युवक की जान
गुजरात के आणंद जिले में भी 30 सितम्बर को गरबा खेलते हुए 21 साल के युवक वीरेन्द्र सिंह की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई थी। यह घटना आणंद के तारापुर की शिव शक्ति सोसायटी में हुई थी। शिव शक्ति सोसायटी में नवरात्रि के अवसर पर पूरे 9 दिन गरबा का आयोजन होता है। 30 सितम्बर को वीरेन्द्र सिंह राजपूत गरबा खेल रहा था। इस दौरान उसके दोस्त वीडियो बना रहे थे। तभी अचानक वह गिर पड़ा। इस पर उसने आनन-फानन में सोसायटी के लोग अस्पताल लेकर गए, लेकिन वीरेन्द्र ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। डॉक्टर ने बताया कि उसकी मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई है।
