April 17, 2026

News Chakra India

Never Compromise

राजस्थान के प्रमुख पूर्व राजपरिवार की राजमाता सुशीला कुमारी का निधन, कल होगा अंतिम संस्कार

राजस्थान के प्रमुख पूर्व राजपरिवार की राजमाता सुशीला कुमारी का निधन, कल होगा अंतिम संस्कार

एनसीआई@बीकानेर

बीकानेर राजपरिवार की अंतिम महारानी और राजमाता सुशीला कुमारी का शुक्रवार देर रात लालगढ़ स्थित अपने आवास पर निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार रविवार को सागर गांव में स्थित राजपरिवार के श्मशान घाट पर किया जाएगा।

इससे पहले शनिवार को जूनागढ़ में उनकी पार्थिव देह को आम लोगों के दर्शन के लिए रखा गया। राजपरिवार की रीति नीति के तहत उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। राजमाता सुशीला कुमारी की पोती और बीकानेर पूर्व सीट से विधायक सिद्धि कुमारी देर रात अस्पताल पहुंच गईं थीं।

अपनी पोती और बीकानेर पूर्व सीट से विधायक सिद्धि कुमारी के साथ राजमाता सुशीला कुमारी।
अपनी पोती और बीकानेर पूर्व सीट से विधायक सिद्धि कुमारी के साथ राजमाता सुशीला कुमारी।

ऐसे मिला था महारानी का सम्मान

देश की आजादी के बाद भी राजतंत्र की परम्पराएं निभाई जाती रहीं थीं। ऐसे में साल 1950 में महाराजा सार्दुल सिंह के पुत्र राजकुमार करणी सिंह का राज्याभिषेक किया गया था। उसी समय सुशीला कुमारी को महारानी का सम्मान मिला। साल 1971 में जब प्रिवी पर्स जैसी व्यवस्था समाप्त हो गईं, तब तक वो महारानी रहीं। महाराजा करणी सिंह के निधन के बाद उन्हें राजमाता के रूप में स्वीकार किया गया। पूर्व राजपरिवार सहित बीकानेर में आम आदमी उन्हें राजमाता के रूप में ही सम्बोधित करता रहा। छह सितम्बर 1988 को महाराजा करणी सिंह के निधन के बाद से राजपरिवार की सारी व्यवस्थाब सुशीला कुमारी ही सम्भालती रहीं।

पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भी राजमाता सुशीला कुमारी से मिलने आती थीं।
पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भी राजमाता सुशीला कुमारी से मिलने आती थीं।

राजशाही और लोकतंत्र दोनों में सक्रिय

सुशीला कुमारी का जन्म 1929 में हुआ था। राजसिंह डूंगरपुर की बहन सुशीला कुमारी का जन्म डूंगरपुर राजपरिवार में हुआ। उनका विवाह बीकानेर राजपरिवार में हुआ। महाराजा करणी सिंह बीकानेर से 1952 से 1977 तक सांसद रहे। ऐसे में सुशीला कुमारी ने लोकतंत्र में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अब उनकी पोती सिद्धि कुमारी बीकानेर पूर्व विधानसभा से पिछले तीन चुनावों में लगातार विधायक हैं।

केन्द्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल राजमाता सुशीला कुमारी से मुलाकात करते हुए।
केन्द्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल राजमाता सुशीला कुमारी से मुलाकात करते हुए।

राजस्थानी में करती थीं बात

खास बात यह थी कि सुशीला कुमारी राजस्थानी में ही बात करती थीं। अगर कोई गलती से भी उनके आगे हिंदी या अंग्रेजी में बात करता तो वो पूछ लेती थीं कि राजस्थानी नहीं आती क्या? खासकर बीकानेर के स्थानीय लोगों से वो राजस्थानी में ही बात करना पसंद करती थीं।

अर्से से बीमार थीं

राजमाता पिछले कई सालों से अस्वस्थ थीं। उन्होंने आम लोगों से मिलना बंद कर दिया था। अस्वस्थता के बीच वो सामाजिक जिम्मेदारियां जरूर पूरी करती थीं। बीकानेर के पुष्करणा समाज के सावे की अनुमति देना हो या फिर कोई अन्य राजपरिवार कार्य हो, सुशीला कुमारी अब तक स्वयं मिलती थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.