डूंगरपुर: स्कूल की 6 लड़कियों का यौन शोषण करने वाला प्रिंसिपल रमेश चंद्र कटारा गिरफ्तार
एनसीआई@डूंगरपुर
राजस्थान के डूंगरपुर जिले में 6 छात्राओं के यौन शोषण करने के आरोपी प्रिंसिपल रमेश चंद्र कटारा को अदालत ने एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस की पूछताछ में प्रिंसिपल ने कई हैरान करने वाले खुलासे किए हैं। उसने कबूला है कि वह स्कूल के अलावा घर पर भी छात्राओं को बुलाता था और उनसे दुष्कर्म करता था।

उल्लेखनीय है कि 6 छात्राओं ने सदर थाने में प्रिंसिपल के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज कराया था। इन नाबालिग छात्राओं ने अपने ही स्कूल के प्रिंसिपल पर पोक्सो एक्ट सहित छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें करने के साथ बलात्कार करने के इल्जाम लगाए हैं। मामले में कलेक्टर से शिकायत के बाद आरोपी प्रिंसिपल को पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
रिपोर्ट के अनुसार, यह मामला डूंगरपुर शहर के सदर थाना इलाके के सरकारी स्कूल का है। गांव के सरकारी स्कूल की छात्राओं ने हाल ही में अपने परिवार वालों के साथ जिला कलेक्टर लक्ष्मीनारायण मंत्री के पास जाकर शिकायत दर्ज कराई थी। स्कूल की 6 छात्राओं ने अपनी इस शिकायत में स्कूल के प्रिंसिपल रमेशचंद्र कटारा पर गम्भीर इल्जाम लगाए थे।

छात्राओं का कहना था कि प्रिंसिपल छुट्टी के दिनों में स्कूल में पौधों को पानी डालने सहित विभिन्न कार्यों के लिए उन्हें स्कूल बुलाता है। बाद में उनसे छेड़खानी करता है। पीड़ित छात्राओं की रिपोर्ट पर सदर थाने में प्रिंसिपल के खिलाफ केस दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले की छानबीन की। दो दिन तक पीड़ित छात्राओं के बयान लिए गए और मेडिकल टेस्ट कराया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी प्रिंसिपल रमेश चंद्र कटारा को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी प्रिंसिपल के खिलाफ पोक्सो एक्ट और बलात्कार सहित विभिन्न संगीन धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
वहीं, भाजपा नेता और केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने इस मामले में गहलोत सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि शिक्षा के मंदिर स्कूल तक में हैवान पसरे हैं। राज्य सरकार ने कभी दुष्कर्म की घटनाओं को बेटियों की नजर से देखने की कोशिश नहीं की, उलटे रेप को मर्दानगी से जोड़कर सदन में ठहाके लगाती रही।
