नीट की तैयारी कर रहे छात्र ने हॉस्टल के कमरे में की आत्महत्या, फंदे से लटका मिला शव
एनसीआई@कोटा
सर थाना क्षेत्र में स्थित एक हॉस्टल में रहकर नीट की तैयारी कर रहे 18 वर्षीय छात्र ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उदयपुर निवासी यह छात्र मेहुल वैष्णव उदयपुर के सलूम्बर का रहने वाला था। यह करीब दो महीने पहले ही कोचिंग के लिए कोटा आया था।
इस घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को एमबीएस हॉस्पिटल की मोर्चरी में पहुंचाया। विज्ञान नगर थाना सीआई देवेश भारद्वाज ने बताया कि मृतक छात्र के परिजनों को सूचना दे दी गई थी। फिलहाल उसकी आत्महत्या का कारण सामने नहीं आया है। मेहुल वैष्णव समाज के हॉस्टल में रहकर पढ़ रहा था।
रात को कमरे में नहीं था रूम पार्टनर
जानकारी के अनुसार मेहुल वैष्णव समाज के हॉस्टल में 2 महीने से रह रहा था। मंगलवार सुबह उसके दोस्तों ने उसे कमरे में फांसी पर लटका हुआ पाया। इस पर इन लड़कों ने समाज के लोगों को जानकारी दी। मेहुल पंखे से रस्सी बांध कर लटका हुआ था। मेहुल के साथ कमरे में एक और लड़का रहता था, मगर रात को वह यहां नहीं था। इस प्रकार मेहुल कमरे में अकेला ही था। उसके पास से सुसाइड नोट नहीं मिला है।
मेहुल के साथी छात्रों ने बताया कि छात्रावास में रात 10 बजे तक उसे देखा था। इसके बाद वह कमरे से बाहर नहीं आया। आज सुबह 11 बजे तक उसके बाहर नहीं आने पर वहां रहने वाले अन्य छात्रों ने वार्डन को बताया। इसके बाद समाज के लोग पहुंचे और कमरे का दरवाजा तोड़ कर उसे फांसी के फंदे से नीचे उतारा। दोपहर 2 बजे करीब शव को एमबीएस हॉस्पिटल की मोर्चरी में शिफ्ट किया।
