April 17, 2026

News Chakra India

Never Compromise

किसान सम्मेलन: खड़गे का दावा-लाल डायरी में कुछ भी नहीं, वहीं, गहलोत बोले परिवर्तन यात्राएं हो रहीं फेल

किसान सम्मेलन: खड़गे का दावा-लाल डायरी में कुछ भी नहीं, वहीं, गहलोत बोले परिवर्तन यात्राएं हो रहीं फेल

एनसीआई@भीलवाड़ा

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भाजपा की परिवर्तन यात्राओं को फेल बताया। गहलोत जिले के गुलाबपुरा में आयोजित किसान सम्मेलन को सम्बोधित कर रहे थे। इस सम्मेलन में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन भी शामिल हुए। खड़गे ने कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार राजस्थान में जनसभा को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार ने हमेशा आमजन के हित में काम किया है। लाल डायरी में कुछ नहीं है। भाजपा केवल इसे दिखाकर डराने की कोशिश करती है।

बीजेपी वाले केवल कांग्रेस को गालियां देंगे

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा- बीपेजी वाले कुछ नहीं करेंगे। केवल कांग्रेस को गालियां देते रहेंगे। बार-बार हमसे पूछते हैं 70 साल में कांग्रेस ने क्या किया? कांग्रेस ने 53 साल ही राज किया है। राजस्थान में किसान को जमीन का मालिक किसने बनाया? कांग्रेस ने बनाया। लेंड रिफॉर्म यहां कांग्रेस ने किया। इंदिरा गांधी ने राजा-महाराजाओं की तनख्वाह बंद कर दी। बीजेपी वाले परिवारवाद की बात करते हैं। किसके लिए बोलते हैं? राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा में कश्मीर से कन्या कुमारी पैदल चले हैं। चलकर लोगों का दुख-दर्द समझा है। हम भारत जोड़ो कहते हैं तो वे भारत तोड़ो कहते हैं।

बीजेपी को INDIA से तकलीफ, गठबंधन से घबरा गए

खड़गे ने कहा- इंडिया गठबंधन से बीजेपी वाले घबरा गए हैं। अब INDIA (इंडिया) की जगह भारत कह रहे हैं। यह तो संविधान में ही लिखा है इंडिया देट इज भारत। हम तो पहले ही भारत जोड़ो की बात कह रहे हैं। राजस्थान गरीब कल्याण और सामाजिक न्याय का बेहतरीन मॉडल है। इस मॉडल को आपको दिखाना है। इस मॉडल के लिए काम करना है।

 

बीजेपी के कितने नेता आजादी के लिए जेल गए?

खड़गे ने कहा- बीजेपी को विपक्ष को गालियां देने के लिए राज करने का अधिकार नहीं दिया है। लोगों की बुनियादी समस्याओं की बात नहीं करते। हमारे लोगों को डराया जा रहा है। ईडी, सीबीआई के छापे डाले जा रहे हैं। मुझे राजनीति में 57 साल हो गए। 52 साल से एमएलए, एमपी रहा हूं। मैं 13 में से केवल एक चुनाव हारा हूं। कभी आरएसएस का उपयोग करते हैं, कभी धर्म का उपयोग करते हैं। बीजेपी आरएसएस के कितने लोग आजादी के लिए जेल गए, कोई हिसाब है। देश की आजादी के लिए बीजेपी का कोई नेता नहीं लड़ा। क्या राहुल गांधी प्रधानमंत्री बने थे, जो उन्हें गालियां दी जा रही हैं। राजीव गांधी के बाद कोई गांधी परिवार से सरकार में कुछ नहीं बना, फिर भी गांधी परिवार को गालियां दी जा रही हैं।

गहलोत बोले-मोदी को विपक्षी गठबंधन से कठिनाई क्यों?

मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष के महागठबंधन में खड़गे साहब की बहुत बड़ी भूमिका रही है। INDIA के नाम से गठबंधन करके विपक्षी पार्टियों को खड़गे एकजुट करने में आगे रहे हैं। मोदी को विपक्षी गठबंधन से कठिनाई क्यों हो रही है? सोनिया गांधी कांग्रेस अध्यक्ष बनी थीं। तब कुछ समय बाद ही कांग्रेस की सरकार बन गई थी। अब खड़गे साहब को अध्यक्ष बनाया तो शुरुआत हो चुकी है। उनके अध्यक्ष बनने के बाद हिमाचल, कर्नाटक में कांग्रेस सरकारें बनीं, आगे छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और राजस्थान जीतना है।

वन नेशन-वन इलेक्शन में विपक्ष को विश्वास में नहीं लिया

गहलोत ने कहा कि वन नेशन-वन इलेक्शन की बात हो रही है, लेकिन विपक्ष को विश्वास में नहीं लिया गया। विपक्ष को यह पूछने का अधिकार है कि केन्द्र सरकार ने संसद का विशेष सत्र क्यों बुलाया है? यह भी विपक्ष को नहीं बताया गया कि संसद सत्र क्यों बुलाया? देश किस दिशा में जा रहा, किस दिशा में जाएगा कोई नहीं कह सकता।

सभा स्थल पर सुबह से ही लोगों का पहुंचना शुरू हो गया था। इस अवसर पर 931.92 करोड़ रुपए के 409 कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास किया गया।

बेहतरीन काम हुए, सरकार रिपीट होगी

गहलोत ने आरोप लगाया, बीजेपी की यात्राएं फ्लॉप हो रही हैं। हमारी सरकार में बेहतरीन काम हुआ है। इन कामों की बदौलत ही लोग कह रहे हैं कि सरकार रिपीट हो रही है। बीजेपी की चार यात्राएं निकल रही हैं। बीजेपी के बड़े नेता आ रहे हैं, लेकिन यात्राएं फ्लॉप हो रही हैं, आप सब देख रहे हैं।

इससे पहले प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा कि मोदी सरकार कहती है कि देश की आजादी के लिए कांग्रेस ने क्या किया? मैं कहता हूं जवाहर लाल नेहरू हरित क्रांति लेकर आए हैं। मोदी सरकार ने किसानों के लिए कुछ नहीं किया।

मंत्री रामलाल जाट ने गहलोत को बताया लोक देवता

किसान सम्मेलन में मंच संचालन कर रहे राजस्व मंत्री रामलाल जाट ने सीएम अशोक गहलोत को लोकदेवता बताया। रामलाल जाट ने सीएम अशोक गहलोत को भाषण देने मंच पर बुलाने का अनाउसमेंट करते समय उन्हें लोकदेवता कहकर सम्बोधित किया। रामलाल जाट ने कहा, ‘मैं अब ऐसे लोक देवता को बुलाना चाहता हूं, जो कलयुग में हर घर में साल भर में 70 हजार रुपए का फायदा दे रहे हैं। ऐसे अशोक गहलोत साहब को मैं मंच पर आंमत्रित कर रहा हूं।’

इन कामों के हुए लोकार्पण-शिलान्यास

भीलवाड़ा डेयरी में 79.73 करोड़ रुपए की लागत से नया दूध प्लांट लगा है। तीन करोड़ रुपए में डेयरी में सोलर प्लांट लगाया है। 138 करोड़ रुपए के तीन नए प्लांट लगेंगे। खारी का लाम्बा स्थित नई जमीन पर 50 मेट्रिक टन गोबर प्रतिदिन का बायोमीथेनेशन प्लांट लगेगा। करीब 19.47 करोड़ रुपए खर्च होंगे। आधुनिक पशु आहार संयंत्र लगेगा। भीलवाड़ा सरस डेयरी में अल्ट्रा हाईट्रीटमेंट प्लांट लगेगा। इसकी लागत करीब 55.64 करोड़ रुपए आएगी। इस प्रकार 931.92 करोड़ के 409 काम के लोकार्पण-शिलान्यास हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.