April 17, 2026

News Chakra India

Never Compromise

ब्रेक फेल होने से ट्रक ने क्रूजर को पीछे से मारी टक्कर, 7 की मौत, गाड़ी में फंसी रहीं लाशें

ब्रेक फेल होने से ट्रक ने क्रूजर को पीछे से मारी टक्कर, 7 की मौत, गाड़ी में फंसी रहीं लाशें

एनसीआई@डूंगरपुर

जिले के बिछीवाड़ा थाना इलाके से गुजर रहे दिल्ली-मुम्बई नेशनल हाईवे-48 पर रविवार दोपहर करीब ढाई बजे एक ट्रक के ब्रेक फेल हो जाने से भीषण हादसा हो गया। इस अनियंत्रित ट्रक ने क्रूजर को पीछे से टक्कर मार दी। इससे मौके पर ही क्रूजर सवार 7 लोगों की मौत हो गई, वहीं 10 से ज्यादा लोग घायल हो गए। इस हादसे में क्रूजर के परखच्चे उड़ गए। इससे लाशें सड़क पर बिखर गईं। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।

लोगों की मदद से पुलिस ने शवों को बाहर निकाला

एसपी कुंदन कवरिया ने बताया- बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र के रतनपुर बॉर्डर के पास ट्रक का ब्रेक फेल हो गया। ट्रक आगे चल रही क्रूजर को टक्कर मारते हुए आगे निकल‌ गया। क्रूजर पलट गई।

हादसे की सूचना मिलने पर रतनपुर पुलिस चौकी सहित बिछीवाड़ा पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया। शवों और घायलों को एम्बुलेंस के जरिए डूंगरपुर अस्पताल पहुंचाया गया। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे तक डूंगरपुर के जिला अस्पताल में 6 बॉडी पहुंच चुकी थीं। कुछ घायलों को गुजरात के साबरकांटा जिले के शामलाजी कस्बे के अस्पताल में भी भर्ती कराया गया। एक डेड बॉडी को भी शामलाजी अस्पताल में भेजा गया है।

हादसे में घायल डूंगरपुर के हीराता निवासी राहुल ने बताया- मैं क्रूजर में आगे बैठा हुआ था। गाड़ी तेज रफ्तार चल रही थी। ऊपर-नीचे सवारियां भरी हुई थीं। ट्रक की टक्कर से गाड़ी दो बार पलटी खा गई। फिर ट्रक गाड़ी के ऊपर चढ़ गया। इसके बाद मैं भी बेहोश हो गया।

3 शवों की पहचान नहीं हो पाई

7 में से चार शवों की पहचान हो पाई है। इनमें क्रूजर सवार धनपाल (24) पुत्र गटूलाल डोडियार निवासी साजनपुरा (डूंगरपुर), हेमंत पुत्र नाथू निवासी लाम्बा पारडा (डूंगरपुर), मुकेश (32) पुत्र मोहन रोत निवासी महूडी (डूंगरपुर) और राकेश पुत्र शंकरलाल रोत निवासी हीराता (डूंगरपुर) शामिल हैं। एक लड़की के शव की भी पहचान नहीं हो सकी है। उसके हाथ पर RK लिखा हुआ है। इसके अलावा 2 और शव हैं, जिनकी पहचान करने की कोशिश जारी है।

14 की जगह 21 यात्री सवार थे गाड़ी में

एक्सीडेंट में क्रूजर जीप सवार आशा (22) पुत्री जीवा कोटेड, पंकज पुत्र खेमा जी परमार निवासी चुंडावाड़ा, राहुल (20) पुत्र काना कटारा निवासी हिराता, जीवा पुत्र जसू निवासी महुडी, राजू पुत्र धुला निवासी हिराता, शंकर (40) पुत्र लालजी निवासी हिराता और सुभाष पुत्र भरत कटारा निवासी सागवाड़ा घायल हो गए। सभी डूंगरपुर जिले के रहने वाले हैं। 2 घायलों को गुजरात के शामलाजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। क्रूजर की क्षमता 14 सवारियों की थी, लेकिन अंदर और छत पर कुल 21 यात्री सवार थे।

हादसे की सूचना पर कलक्टर लक्ष्मीनारायण मंत्री और एसपी कुंदन कवरिया रतनपुर बॉर्डर पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।

गुजरात मजदूरी करने जा रहे थे

डूंगरपुर जिले के अलग-अलग इलाकों से लोग गुजरात मजदूरी करने जा रहे थे। यही लोग घायल और मृतकों में शामिल हैं। सागवाड़ा से डूंगरपुर शहर होकर क्रूजर गुजरात जा रही थी। सागवाड़ा, हिराता, डूंगरपुर शहर, थाणा और बिछीवाड़ा में ये सवारियां जीप में बैठी थीं। बिछीवाड़ा से 12 किमी आगे जाते ही हादसा हो गया।

हाथ-पैर कटे, धड़ से अलग हुआ शरीर

यह हादसा इतना भयंकर था कि 4 मृतकों के शव पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए हैं। उनके चेहरे बुरी तरह कुचल गए हैं। इसलिए पहचान करना मुश्किल हो रहा है। कई लोगों के हाथ-पैर कट गए हैं। कई के धड़ शरीर से अलग हो गए हैं।

डॉक्टरों की टीम अलर्ट

हादसे की सूचना के बाद एक मैसेज डूंगरपुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल को भी अलर्ट रहने के लिए किया गया। इस पर मेडिकल कॉलेज अस्पताल अधीक्षक डॉ. महेंद्र डामोर के नेतृत्व में 10 से ज्यादा डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ की टीम पहले से तैनात हो गई। एक के बाद एक 6 एम्बुलेंस के जरिए शव और घायलों को अस्पताल लाया गया। डॉक्टरों ने घायलों को देखकर इलाज शुरू कर दिया।

कलक्टर-एसपी पहुंचे

घटना की सूचना पर कलक्टर लक्ष्मीनारायण मंत्री और एसपी कुंदन कवरिया सबसे पहले रतनपुर बॉर्डर पर घटनास्थल पर पहुंचे। दोनों ही अधिकारियों ने बिछीवाड़ा थानाधिकारी से घटना की जानकारी ली। इसके बाद दोनों डूंगरपुर जिला अस्पताल पहुंचे। डॉ. महेन्द्र डामोर को उनके इलाज में किसी भी तरह की कोई कमी नहीं रखने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.