April 17, 2026

News Chakra India

Never Compromise

राहुल गांधी को भारी पड़ सकता है पीएम मोदी को पनौती कहना, पुलिस में शिकायत दी, एफआईआर दर्ज करने की मांग

राहुल गांधी को भारी पड़ सकता है पीएम मोदी को पनौती कहना, पुलिस में शिकायत दी, एफआईआर दर्ज करने की मांग

एनसीआई@नई दिल्ली

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की आपत्तिजनक टिप्पणी के चलते उनकी मुश्किल बढ़ सकती है। वकील विनीत जिंदल ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के खिलाफ दिल्ली पुलिस से एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। फिलहाल, इस मामले में दिल्ली पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी गई है। उल्लेखनीय है कि राहुल गांधी ने मंगलवार को राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए बालोतरा के बायतु में एक रैली को सम्बोधित करते हुए पीएम मोदी को पनौती कहा था।

इससे पहले कांग्रेस सांसद के इस बयान पर बीजेपी ने कड़ी आपत्ति जताई थी और उनसे माफी मांगने को कहा था। भाजपा ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को ‘पनौती मोदी’ कहने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी की आलोचना की और उनकी टिप्पणी को ‘शर्मनाक एवं अपमानजनक’ करार देते हुए उनसे माफी की मांग की। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने राजस्थान में एक चुनावी रैली को सम्बोधित करते हुए कहा था कि ‘ पीएम का मतलब पनौती मोदी’ है। क्रिकेट विश्व कप फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत की हार का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने दुर्भाग्य से जुड़े इस शब्द (पनौती) का इस्तेमाल किया। मैच में भारत की हार के बाद से सोशल मीडिया पर ‘पनौती’ शब्द ट्रेंड कर रहा है।

इस पर पलटवार करते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व केन्द्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री के बारे में गांधी की टिप्पणी, ‘शर्मनाक, निंदनीय और अपमानजनक’ है। प्रसाद ने कहा, ”उन्होंने अपना असली रंग दिखा दिया है, लेकिन उन्हें याद रखना चाहिए कि उनकी मां सोनिया गांधी द्वारा गुजरात के तत्कालीन मुख्यमंत्री मोदी को ‘मौत का सौदागर’ कहे जाने के बाद कांग्रेस गुजरात में कैसे डूब गई थी।”

कांग्रेस नेता की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया मांगे जाने पर प्रसाद ने संवाददाताओं से कहा, ”मैं प्रधानमंत्री के बारे में राहुल गांधी की टिप्पणी की कड़ी निंदा करता हूं।” भाजपा नेता ने दावा किया कि गांधी ने विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की आसन्न हार को देखते हुए हताशा में प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ ऐसी टिप्पणी की है। उन्होंने कहा, ”राहुल गांधी को माफी मांगनी चाहिए। अन्यथा हम इस मुद्दे को बहुत गम्भीर बना देंगे।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता ने मोदी के खिलाफ अपनी टिप्पणी से अपना असली रंग दिखा दिया है कि उनकी हैसियत और समझ क्या है?

यह है मामला

राजस्थान में 25 नवम्बर को होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले बालोतरा के बायतु में रैली को सम्बोधित करते हुए राहुल ने आरोप लगाया था कि मोदी लोगों का ध्यान भटकाते हैं, जबकि उद्योगपति अडानी उनकी (लोगों की) जेब काटते हैं। राहुल ने कहा कि मोदी टीवी पर आते हैं और ‘हिन्दू-मुस्लिम’ करते हैं और कभी-कभी क्रिकेट मैच में चले जाते हैं। उन्होंने कहा, ”वो अलग बात है कि हरवा दिया… पनौती”। कांग्रेस नेता ने कहा, ”पीएम मतलब पनौती मोदी।”

राहुल की यह टिप्पणी प्रधानमंत्री मोदी द्वारा कुछ दिन पहले परोक्ष रूप से उन्हें (राहुल) ‘मूर्खों का सरदार’ कहकर सम्बोधित किए जाने के बाद आई है। कांग्रेस नेता पर पलटवार करते हुए केन्द्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने कहा कि उनकी टिप्पणी ‘हताशा और मानसिक अस्थिरता’ का संकेत है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”यह विडंबना या पाखंड से भी ज्यादा है। 55 साल का एक व्यक्ति जिसने अपने जीवन में एक दिन भी काम नहीं किया, जिसके परिवार ने अपने भ्रष्टाचार से दशकों तक परजीवियों की तरह देश का शोषण किया और जिसकी सरकार ने खोए हुए दशक में देश को आर्थिक रूप से बर्बाद कर दिया।”

उन्होंने कहा, इसका कारण यह है कि मोदी कांग्रेस के ‘बदमाशों’ के लिए, भारत के दुश्मनों और आतंकवादियों के लिए बुरे सपने की तरह हैं। उन्होंने कहा, ”अन्य सभी के लिए, वह दुनिया के सबसे लोकप्रिय राजनेता हैं, जिनके अनुभव, कड़ी मेहनत, दूरदृष्टि ने लोगों के जीवन को बदल दिया है, हमारी अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाया है और पूरे भारत और दुनिया में सम्मान अर्जित किया है। सिलिकॉन वैली से हमारे गांवों तक, तकनीक से लेकर किसानों तक।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.