नीतीश सरकार ने कई हिन्दू त्योहारों पर स्कूलों की छुट्टियां खत्म कीं, वहीं मुस्लिम पर्वों की छुट्टियां बढ़ाईं, पहली बार उर्दू और हिन्दी स्कूलों का अलग-अलग कलेंडर जारी
बिहार शिक्षा विभाग ने 2024 के लिए हिन्दी और उर्दू स्कूलों के लिए पहली बार अलग-अलग कलेंडर जारी किए। इन नए कलेंडर में हिन्दुओं के कई पर्वों की छुट्टियां खत्म कर दी गई हैं, वहीं मुस्लिम त्योहारों की छुट्टियां बढ़ा दी गई हैं।
एनसीआई@पटना
बिहार शिक्षा विभाग लगातार स्कूलों की छुट्टियों को लेकर सुर्खियों में है। इस बार 2024 के लिए जारी छुट्टियों के कलेंडर को लेकर विभाग चर्चा में है। शिक्षा विभाग ने 2024 का कलेंडर जारी किया है। इसमें हिन्दुओं के कई पर्वों की छुट्टियों को खत्म कर दिया गया है।
विभाग द्वारा जारी कलेंडर के अनुसार अब रक्षाबंधन, महाशिवरात्रि व जन्माष्टमी, मकर संक्रान्ति, तीज जैसे प्रमुख हिन्दू त्योहारों पर छुट्टी नहीं होगी। वहीं, मुस्लिम पर्व ईद और मोहर्रम की छुट्टियों को बढ़ा दिया गया है। यह आदेश शिक्षा विभाग के अपर सचिव केके पाठक की ओर से जारी किया गया है।
ग्रीष्मावकाश केवल विधार्थियों के लिए
शिक्षा विभाग ने वर्ष 2024 के लिए छुट्टियों का जो कलेंडर जारी किया है, उसके अनुसार ग्रीष्मावकाश (क्रमांक-12) केवल विधार्थियों के लिए है। प्रधानाध्यापक/अध्यापक/शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों को इस दौरान स्कूल आना होगा और अन्य शैक्षणिक/प्रशासनिक /कार्यालीय कार्य निष्पादित करने होंगे। इसके साथ ही विभाग ने हिन्दू पर्व रक्षाबंधन, महाशिवरात्रि, जन्माष्टमी, मकर संक्रान्ति, तीज, विश्वकर्मा पूजा और जिउतिया सहित अन्य त्योहारों की छुट्टी को रद्द कर दिया है। मुस्लिम त्योहारों में ईद, मुहर्रम और बकरीद की छुट्टियां बढ़ा दी गई हैं।
‘शिक्षा पदाधिकारी अपने स्तर से कोई अवकाश घोषित नहीं करेंगे’
विभाग द्वारा कई निर्देश भी दिए गए हैं। इसमें कहा गया है कि ‘राज्य के सभी राजकीय/राजकीयकृत और अल्पसंख्यक सहायता प्राप्त उर्दू (प्रारम्भिक, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक) विद्यालय/मकतब अवकाश तालिका के अनुसार ही बंद रहेंगे। किसी जिले विशेष में किसी विशेष अवसर पर अगर जिला पदाधिकारी किसी प्रकार का अवकाश घोषित करना चाहें तो उन्हें मुख्यालय स्तर पर शिक्षा विभाग से पूर्वानुमति लेना आवश्यक होगा। जिला शिक्षा पदाधिकारी अपने स्तर से कोई अवकाश घोषित नहीं करेंगे।’
‘किसी भी सरकारी विद्यालय के प्रधानाध्यापक/प्रभारी प्रधानाध्यापक अपने स्तर से विद्यालय अवकाश की घोषणा नहीं करेंगे अन्यथा उनके विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी। सभी विद्यालयों में वार्षिकोत्सव, गणतंत्र दिवस, स्वतंत्रता दिवस, गांधी जयंती और अन्य महापुरूषों की जयंती मनाई जाएंगी।’
