कांग्रेस में शामिल होने के लिए प्रहलाद गुंजल जयपुर रवाना, पीसीसी आज जारी कर सकती है 7 उम्मीदवारों की सूची, गुंजल की कोटा सीट से उम्मीदवारी तय
एनसीआई@जयपुर/कोटा
लोकसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस सीईसी में सात नामों पर सहमति बन गई है। इनमें कोटा से प्रहलाद गुंजल का नाम शामिल है। अभी तक हाड़ोती के दिग्गज भाजपाई रहे प्रहलाद गुंजल आज गुरुवार को दोपहर कांग्रेस में शामिल हो जाएंगे। इसके लिए वह सुबह गाड़ियों के बड़े काफिले के साथ जयपुर के लिए रवाना हो गए। गुंजल के कांग्रेस की सदस्यता लेने के साथ ही उन्हें कोटा-बूंदी सीट पर उम्मीदवार घोषित कर दिया जाएगा।
राजस्थान में लोकसभा की 25 सीटें हैं। कांग्रेस पहली लिस्ट में राजस्थान की 10 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है। राज्य की शेष बची 15 सीटों के लिए बुधवार शाम हुई सीईसी की मीटिंग में 7 सीटों पर प्रत्याशियों का चयन कर दिया गया है। इन नामों का आज पीसीसी मुख्यालय जयपुर में दोपहर साढ़े बारह बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ऐलान कर दिया जाएगा। गुंजल इसी मौके पर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करेंगे।
इन सीटों को लेकर हुआ निर्णय
बुधवार को हुई बैठक में जिन सीटों को लेकर निर्णय हुआ है, उनमें जयपुर शहर से सुनील शर्मा, दौसा से विधायक मुरारी लाल मीणा, बारां-झालावाड़ से पूर्व मंत्री प्रमोद जैन भाया की पत्नी उर्मिला जैन भाया, बाड़मेर-जैसलमेर से उम्मेदाराम बेनीवाल, कोटा से प्रहलाद गुंजल और पाली से संगीता बेनीवाल के नाम शामिल हैं।
इन सीटों पर गठबंधन को लेकर अभी फैसला बाकी
जिन 8 सीटों पर मंथन हुआ, उन्हें अभी होल्ड पर रखा है। इन सीटों में जयपुर ग्रामीण, नागौर, अजमेर, भीलवाड़ा, राजसमंद, डूंगरपुर-बांसवाड़ा, करोली-धौलपुर और सीकर शामिल हैं।
गठबंधन को लेकर फैसला अभी नहीं
सीईसी की बैठक में नागौर, सीकर और बांसवाड़ा डूंगरपुर की सीट पर गठबंधन को लेकर फैसला अभी नहीं हुआ है। नागौर में हनुमान बेनीवाल से गठबंधन की बात चल रही है।
इसी प्रकार बांसवाड़ा-डूंगरपुर में कांग्रेस का एक धड़ा भारत आदिवासी पार्टी के लिए सीट छोड़ने के पक्ष में है। वहीं, सीकर में सीपीएम से समझौते की बात चल रही है। हालांकि इसके लिए कांग्रेस की टेक्निकल कमेटी निर्णय लेगी और उसके बाद राहुल गांधी के साथ इस पर अंतिम रूप से चर्चा की जाएगी। जयपुर ग्रामीण में सचिन पायलट, गोविंद सिंह डोटासरा के समर्थकों में किसी एक को चुने जाने को लेकर पेंच फंसा हुआ है। सचिन पायलट की तरफ से अनिल चोपड़ा का नाम रखा गया है तो गोविंद सिंह डोटासरा विद्याधर चौधरी का नाम बढ़ा रहे हैं।
