April 17, 2026

News Chakra India

Never Compromise

कार में जिंदा जला सेना का जवान, अंडरपास की दीवार पर मिले गाड़ी टकराने के निशान, दूर मिला मोबाइल, बेटा होने पर आया था गांव

कार में जिंदा जला सेना का जवान, अंडरपास की दीवार पर मिले गाड़ी टकराने के निशान, दूर मिला मोबाइल, बेटा होने पर आया था गांव

एनसीआई@नवलगढ़ (झुंझुनूं)

एक महीने पहले बेटा पैदा होने की खुशी में गांव आ‌या सेना का जवान ड्यूटी पर वापस लौटते समय हादसे का शिकार हो गया। उसकी कार में आग लग जाने से वह जिंदा जल गया। अंदेशा है कि अंडरपास की दीवार से टकराने के बाद कार में आग लग जाने से यह हादसा हुआ। यह हादसा झुंझुनूं के मुकुंदगढ़ थाना क्षेत्र में रविवार रात को हुआ।

 

मुकुंदगढ़ एसएचओ महेन्द्र सिंह यादव ने इस बारे में बताया- विकास भास्कर (25) श्रीनगर में पोस्टेड था। वह कंवरपुरा बालाजी डूंडलोद का रहने वाला था। बेटा होने की खुशी में एक महीने पहले छुट्‌टी लेकर गांव आया था। छुटि्टयां पूरी होने पर वह ड्यूटी पर वापस लौट रहा था।

ट्रेन पकड़ने के लिए वह रविवार रात 10 बजे चचेरे भाई सोनू के साथ मुकुंदगढ़ रेलवे स्टेशन के लिए कार से निकला था। भाई को रास्ते में एक होटल पर छोड़कर वह कार से 200 मीटर दूर डूंडलोद के बलरिया रोड स्थित अंडरपास तक पहुंचा था कि हादसा हो गया।

घटना स्थल से दूर मिला जवान का मोबाइल

एसएचओ महेन्द्र सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची दमकल ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक सेना का जवान और कार पूरी तरह जल चुके थे। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंचे। मुकुंदगढ़ पुलिस ने भी मौके पर एफएसएल और डॉग स्क्वायड टीम को बुलाया। अंडरपास में कुछ मीटर पहले गाड़ी के घिसटने जैसे निशान दिख रहे हैं। जवान का मोबाइल भी घटना स्थल से कुछ दूर मिला है।

भाई ने बताया घटनाक्रम, बचाने के प्रयास में हाथ झुलसा

विकास के चचेरे भाई सोनू ने बताया- विकास को मुकुंदगढ़ रेलवे स्टेशन छोड़ने के लिए मैं घर से रात करीब 10 बजे उसके साथ कार में निकला था। घर से पांच किलोमीटर दूर स्मृति होटल पर सुपारी लेने के लिए मैं रुक गया। विकास ने कहा कि तू यहीं पर रुक मैं डूंडलोद बाजार से साबुन लेकर आता हूं। वापस घूमकर 200 मीटर दूर जाते ही अंडरपास में हादसा हो गया। उस वक्त रात के 10.30 बज रहे थे। राहगीरों ने ही एम्बुलेंस और पुलिस को सूचना दी। शोर-शराबा सुनकर मैं घटनास्थल पर पहुंचा। भाई को बचाने के लिए कार से बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन आग तेज होने के कारण ऐसा नहीं हो सका। सोनू ने बताया कि बचाने के प्रयास में मेरा हाथ भी झुलस गया।

एक महीने पहले हुआ था बेटे का जन्म

जानकारी के अनुसार एक महीने पहले ही विकास भास्कर की पत्नी कविता ने बेटे को जन्म दिया था। इसी खुशी के मौके पर विकास छुट्टी लेकर घर आया था। कुछ लोग इस घटना को संदिग्ध बता रहे हैं। अब जांच के बाद ही सारे सवालों के जवाब मिल पाएंगे। जानकारी के अनुसार, विकास दो भाइयों में छोटा था। बड़ा भाई हैदराबाद में काम करता है। विकास सात साल पहले सेना में भर्ती हुआ था। 2021 में उसकी शादी हुई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.