मार्च तिमाही में रिलायंस इंडस्ट्रीज का शुद्ध लाभ 18 हजार 951 करोड़ रुपए पर स्थिर
•आरआईएल के बोर्ड ने अपने शेयर होल्डर्स को 10 रुपए प्रति शेयर की दर से डिविडेंड देने का ऐलान किया
•रिलायंस जियो का शुद्ध लाभ चौथी तिमाही में 13 प्रतिशत बढ़कर 5 हजार 337 करोड़ रुपए पर
एनसीआई@नई दिल्ली
विविध कारोबार में सक्रिय रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड का शुद्ध लाभ मार्च तिमाही में 18 हजार 951 करोड़ रुपए रहा। तेल एवं पेट्रोकेमिकल व्यवसाय सुधरने और दूरसंचार एवं खुदरा कारोबारों में रफ्तार कायम रहने के बावजूद शुद्ध लाभ लगभग स्थिर रहा।
रिलायंस इंडस्ट्रीज ने सोमवार को शेयर बाजार को जनवरी-मार्च, 2024 तिमाही के नतीजों की सूचना दी। इसके मुताबिक, मार्च तिमाही में कम्पनी का शुद्ध लाभ 18,951 करोड़ रुपए यानी 28.01 रुपए प्रति शेयर रहा, जबकि एक साल पहले इसी तिमाही में यह 19,299 करोड़ रुपए यानी 28.52 रुपये प्रति शेयर था।
तेल की कीमतें ऊंची रहने से कम्पनी का परिचालन राजस्व आलोच्य तिमाही में 11 प्रतिशत बढ़कर 2.64 लाख करोड़ रुपए हो गया। वहीं, पूरे वित्त वर्ष 2023-24 में रिलायंस ने 69,621 करोड़ रुपए का रिकॉर्ड शुद्ध लाभ कमाया, जबकि वित्त वर्ष 2022-23 में यह 66,702 करोड़ रुपए रहा था। इसके साथ ही रिलायंस इंडस्ट्रीज पिछले वित्त वर्ष में 10 लाख करोड़ रुपए का कारोबार करने वाली पहली भारतीय कम्पनी बन गई। समीक्षाधीन वर्ष में कम्पनी का कारोबार 2.6 प्रतिशत बढ़कर 10 लाख करोड़ रुपए हो गया, जो वित्त वर्ष 2022-23 में 9.74 लाख करोड़ रुपए था। आरआईएल के बोर्ड ने अपने शेयर होल्डर्स को 10 रुपए प्रति शेयर की दर से डिविडेंड देने का एलान भी किया है।
रिलायंस जियो का शुद्ध लाभ चौथी तिमाही में 13 प्रतिशत बढ़कर 5,337 करोड़ रुपए पर
इसी प्रकार, देश की सबसे बड़ी दूरसंचार सेवा प्रदाता कम्पनी रिलायंस जियो का एकल आधार पर शुद्ध लाभ बीते वित्त वर्ष 2023-24 की मार्च तिमाही में सालाना आधार पर 13 प्रतिशत बढ़कर 5 हजार 337 करोड़ रुपए रहा। कम्पनी की परिचालन आय चौथी तिमाही में 11 प्रतिशत बढ़कर 25 हजार 959 करोड़ रुपए रही। आलोच्य वित्त वर्ष में रिलायंस जियो की आय साल भर पहले की तुलना में 10.2 प्रतिशत बढ़कर 1 लाख 119 करोड़ रुपए हो गई।
