भतीजी को रक्तदान कर दोस्त के साथ लौट रहे युवक की बाइक को वाहन ने टक्कर मारी, दोनों के शरीर कट गए
एनसीआई@डूंगरपुर
जिला अस्पताल में भर्ती अपनी भतीजी को रक्तदान कर बाइक पर दोस्त के साथ लौटते समय युवक की बाइक को शुक्रवार देर रात अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इस हादसे में दोनों युवकों के शरीर दो हिस्सों में बंट गए। राहगीरों की सूचना पर इन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। जहां शवों को मॉर्च्युरी में रखवाया गया। हादसे की सूचना पाकर इनके परिजन सुबह अस्पताल पहुंचे। हादसा डूंगरपुर शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में बिछीवाड़ा रोड पर शुक्रवार रात एक बजे करीब नवाडेरा के पास हुआ था।

कोतवाली थानाधिकारी भगवान लाल ने बताया कि कपिल (27) पुत्र लक्ष्मण कटारा निवासी भाटपुर अपने दोस्त बाबूलाल (20) पुत्र लकमा अहारी निवासी खुमानपुरा कोटड़िया फला के साथ जिला अस्पताल में भर्ती भतीजी को देखने गया था। वहां उसे खून की आवश्यकता पड़ने पर रक्तदान किया।
इसके बाद कपिल बाबूलाल के साथ बाइक पर रात एक बजे अपनी बहन शिल्पा के घर बोरी गांव जाने के लिए रवाना हुआ। जब वह तहसील चौराहे की तरफ से सिंटेक्स की ओर जा रहे थे, इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवकों के शव दो हिस्सों में बंट गए। इनके शवों को डूंगरपुर अस्पताल में पहुंचाया गया। वहां इन्हें अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया। इस हादसे की सूचना मिलने पर सुबह परिजन अस्पताल पहुंचे। बाबूलाल अहारी और कपिल कटारा दोनों गुजरात में मजदूरी करते थे।थानाधिकारी ने बताया कि पुलिस हादसे की जांच कर रही है। आरोपी वाहन चालक हादसे के बाद फरार हो गया था, सकी तलाश की जा रही है।
