ट्रेनी आर्मी अधिकारियों से मारपीट, महिला मित्र से गैंगरेप, बंधक बनाकर 10 लाख रुपए मांगे, 6 आरोपियों में से 2 गिरफ्तार
एनसीआई@इंदौर
मध्य प्रदेश के इंदौर में सेना के 2 ट्रेनी अधिकारियों और उनकी दोस्त से मारपीट कर लूटपाट करने, बंधक बनाकर एक महिला से गैंगरेप करने व 10 लाख रुपए की फिरौती मांगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने गुरुवार को बताया कि यह वारदात एक दिन पहले मंगलवार, 10 सितम्बर की रात करीब ढाई बजे की है, जब ये अफसर और इनकी महिला साथी जामगेट इलाके में घूमने गए थे।
पुलिस ने बताया कि सभी 6 आरोपियों की पहचान हो चुकी है। इनमें से 2 को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी की तलाश जारी है। आरोपियों ने सैन्य अधिकारियों से 10 लाख रुपए भी मांगे थे। इनकी एक दोस्त को दूर झाड़ियों में ले गए। शिकायत दर्ज कराने वाले सैन्य अधिकारी ने वहां उससे गैंगरेप की आशंका जाहिर की है। पुलिस ने गैंगरेप, लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट में केस दर्ज कर लिया है।
मेडिकल मुआयने में गैंगरेप की पुष्टि
एसपी ग्रामीण हितिका वासल ने कहा, “अस्पताल में भर्ती विक्टिम के बयान दर्ज नहीं किए जा सके हैं। उसका मेडिकल मुआयना कराया गया है। दो महिलाओं में से एक से गैंग रेप होने की पुष्टि हुई है।”

एक आरोपी पर हत्या का केस
एसपी ने कहा कि फरार 4 आरोपियों की भी पहचान हो गई है। उन्हें तलाशने के लिए 10 थानों को अलर्ट किया गया है। सभी आरोपी इंदौर के मानपुर, बडगौंदा के रहने वाले हैं। इनमें से दो का क्रिमिनल रिकॉर्ड है। एक पर 2016 में हत्या का केस भी दर्ज हुआ था।
वारदात को इस घटनाक्रम से समझें
पुलिस के मुताबिक, सेना के दो ट्रेनी अधिकारी मंगलवार रात करीब ढाई से तीन बजे के बीच जामगेट इलाके में घूमने गए थे। उनके साथ उनकी दो महिला दोस्त भी थीं। इसी बीच वहां आरोपी पहुंचे और पहले चारों से मारपीट की। फिर 10 लाख रुपए की मांग की। एक अधिकारी और एक महिला साथी को बंधक बनाकर बाकी दो साथियों को रुपए लेने भेज दिया।
आर्मी अधिकारियों ने घाट से ऊपर आकर अपने कमांडेंट को इस वारदात की सूचना दी। इस पर आर्मी ने महू पुलिस और ग्रामीण एसपी को वारदात की जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले थे। पुलिस ने घायल आर्मी अधिकारी और उनकी महिला मित्र का रेस्क्यू किया। चारों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां महिला की हालत नाजुक होने की वजह से उसके बयान दर्ज नहीं हो सके हैं।

गैंगरेप के आरोप पर इस बदलते रहे बयान
सबसे पहले बुधवार रात 9 बजे ग्रामीण डीआईजी निमिष अग्रवाल ने वारदात के दौरान महिला से गैंगरेप की पुष्टि कर दी थी। उन्होंने कहा था कि अधिकारियों के साथ जो महिला थी, उसके साथ रेप जैसे गम्भीर अपराध को अंजाम दिया गया है। डीआईजी अग्रवाल के इस बयान के एक घंटे बाद 10 बजे ही एएसपी रूपेश द्विवेदी ने कहा कि महिला ने रेप की बात नकार दी है। उन्होंने कहा कि महिला ऐसी किसी घटना से मना कर रही है। मगर ग्रामीण एसपी हितिका वासल ने आज गुरुवार सुबह कहा कि लूट, डकैती, मारपीट, जबरन वसूली का केस दर्ज किया है। फरियादी आर्मी अफसर के बयान के आधार पर रेप का केस भी दर्ज किया गया है, क्योंकि उसने इस बात की आशंका जताई थी।
भाजपा सरकार का रवैया नकारात्मक: राहुल
राहुल गांधी ने इस वारदात पर कहा कि मध्य प्रदेश में सेना के दो जवानों के साथ हिंसा और उनकी महिला साथी के साथ दुष्कर्म पूरे समाज को शर्मसार करने के लिए काफी है। भाजपा शासित राज्यों की कानून-व्यवस्था लगभग अस्तित्वहीन है। महिलाओं के खिलाफ दिन प्रतिदिन बढ़ते अपराधों पर भाजपा सरकार का नकारात्मक रवैया अत्यंत चिंताजनक।
इन घटनाओं को गम्भीरता से ना लेने से स्थिति बेकाबू: मायावती
बसपा सुप्रीमो मायावती ने कहा, मध्य प्रदेश के इंदौर में पर्यटक स्थल जामगेट में घूमने गए सेना के दो अफसरों पर हमला, उन्हें बंधक बनाना और उनकी महिला मित्रों के साथ दुष्कर्म की घटना अति शर्मनाक है। सरकारों द्वारा लगातार हो रही ऐसी जघन्य घटनाओं को गम्भीरता से नहीं लेने से ही स्थिति बेकाबू है। सरकार ध्यान दे।
