राजस्थान: गणपति विसर्जन के दौरान डूबने से 6 की मौत, पाली में तीन युवक डूबे, प्रतापगढ़ में पैर फिसलने से तालाब में गिरे दो भाई
प्रतापगढ़
एनसीआई@प्रतापगढ़/पाली/दौसा
राजस्थान में मंगलवार को गणपति विसर्जन के दौरान अलग-अलग जिलों में डूबने से 3 बच्चों सहित 6 लोगों की मौत हो गई। अलग-अलग स्थानों पर हुए इन हादसों में पाली जिले के सोजत में 3 युवकों, प्रतापगढ़ के छोटी सादड़ी में 2 भाइयों और दौसा में एक युवक की जान चली गई।
प्रतापगढ़ के छोटी सादड़ी थाना अधिकारी अनिल देवल ने बताया- घटना बरवाड़ा गुर्जर गांव में अपराह्न साढ़े तीन बजे की है। गांव में रहने वाले चचेरे भाई हिमांशु (10), कृतेश (13) और शुभम (15) अपने दोस्तों के साथ गणपति विसर्जन के लिए घर से करीब 400 मीटर दूर शिव मंदिर के पीछे बरसाती नाले के नाम से जाने जाने वाले तालाब पर गए थे।

इस दौरान शुभम और हिमांशु पैर फिसलने के कारण तालाब में गिर गए। उन्हें डूबता देख कृतेश बचाने के लिए कूदा। हादसे में हिमांशु और शुभम की मौत हो गई। कृतेश को अचेत हालत में लोगों ने निकाल लिया। उसे छोटी सादड़ी हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां से उसे गम्भीर हालत में उदयपुर रेफर किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लोग बोले- विसर्जन के बाद तालाब में नहाने उतरे थे बच्चे
स्थानीय लोगों का कहना है कि गणपति विसर्जन के बाद तीनों बच्चे तालाब में नहाने के लिए उतर गए थे। इस दौरान तीनों पानी में डूब गए। आसपास के लोगों ने तीनों को बाहर निकाला और छोटी सादड़ी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने हिमांशु और शुभम को मृत घोषित कर दिया। हिमांशु पांचवीं और शुभम 11वीं क्लास का छात्र था। कृतेश आठवीं क्लास में पढ़ता है। उसकी मां और दादी मजदूरी करती हैं। उसके पिता की कुछ समय पहले मौत हो चुकी है। शुभम के माता-पिता भी मजदूरी करते हैं। शुभम की एक छोटी बहन है।
इसी क्रम में पाली के सोजत में मोरेश्वर महादेव नदी में तीन युवकों की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
पाली में तीन की मौत, विसर्जन के लिए किया था मना

पाली जिले के सोजत में मंगलवार शाम 6 बजे मोरेश्वर महादेव नदी में गणपति विसर्जन के दौरान तीन युवक डूब गए। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से तीनों के शव बाहर निकाले। मौके पर पहुंचे पाली के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विपिन कुमार शर्मा ने बताया- हादसे में नरसिंहपुरा (सोजत) के मुकेश (27) पुत्र सोहनलाल गवारिया, छैलाराम (20) पुत्र रूपाराम गवारिया और जयकिशन (18) पुत्र भैराराम सरगरा की मौत हो गई। शव सोजत अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाए गए हैं।

लोघ ने बताया- गांव की मोरेश्वर महादेव की नदी में बारिश के कारण भरपूर पानी आया हुआ है। नदी काफी गहरी है। इसलिए जब ये लोग यहां पर गणपति विसर्जन करने आए तो ग्रामीणों ने यहां विसर्जन करने से मना किया था। लेकिन, वे लोग माने नहीं और नदी में विसर्जन करने लगे। इसी दौरान ये हादसा हो गया।
दौसा में बैलेंस बिगड़ने से पानी में डूबा युवक
इधर, दौसा में मंगलवार शाम पुराने शहर से श्रद्धालु गणेश विसर्जन के लिए गेटोलाव बांध पहुंचे थे। पूजा अर्चना के बाद गणपति विसर्जन के दौरान संतुलन बिगड़ने से एक युवक पानी में डूब गया। साथी युवकों को पता चलने पर उसे काफी तलाश किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।

कोतवाली थाना इंचार्ज हीरालाल ने बताया- खारी कोठी मोहल्ला निवासी ऋषभ शर्मा (23) की हादसे में मौत हो गई। युवक के डूबने की सूचना पर मैं और डिप्टी एसपी रविप्रकाश शर्मा मौके पर पहुंचे। एसडीआरएफ और सिविल डिफेंस की टीम ने बांध में दो घंटे सर्च अभियान चलाया। बांध से निकालकर युवक को जिला अस्पताल लेकर गए, जहां इमरजेंसी यूनिट में डॉक्टर ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। शव को मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। बुधवार सुबह पोस्टमॉर्टम के बाद परिजन को सुपुर्द किया जाएगा
