राजस्थान: कोटा में ‘तिरंगे’ के अपमान मामले में तीन गिरफ्तार, अंकित किए थे चांद-तारे
राजस्थान के कोटा में कल सोमवार को सामने आए राष्ट्रीय ध्वज के अपमान मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। तिरंगे पर चांद-तारे के चिह्न अंकित कर ईद मिलादुन्नबी के जुलूस में लहराया गया था।
एनसीआई@कोटा
ईद मिलादुन्नबी के जुलूस में चांद-तारे अंकित कर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लहराने के मामले में पुलिस ने जुलूस के संयोजक सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद इस पर बवाल मच गया था। पुलिस ने इस मामले में कल सोमवार को ही एक नाबालिग को हिरासत में ले लिया था।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में अशफाक, अमन और अमन अली शामिल हैं। इनमें से अशफाक जुलूस का संयोजक था।
यह है पूरा मामला
यह घटना सोमवार सुबह 11 बजे करीब की है। अनंतपुरा थाना क्षेत्र में कोटा-झालावाड़ हाईवे पर ईद मिलादुन्नबी का जुलूस निकाला जा रहा था। इसी दौरान एक बड़ा तिरंगा लहराया गया। इसके दोनों छोर पर चांद-तारे बने हुए थे। कुछ ही देर में सोशल मीडिया पर इसका वीडियो जबरदस्त तरीके से छा गया। इससे जहां आम लोगों का गुस्सा भड़क गया, वहीं शासन-प्रशासन में बुरी तरह खलबली मच गया। राष्ट्रीय ध्वज के अपमान का यह बेहद गम्भीर मामला राज्य सरकार तक जा पहुंचा। ऐसे में धड़ाधड़ फोन खड़कने लगे।
बीजेपी नेता और विधायक संदीप शर्मा कार्यकर्ताओं के साथ थाने पर पहुंच गए। हिन्दू संगठनों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। बीजेपी के ही स्थानीय दिग्गज नेता और राज्य सरकार में मंत्री मदन दिलावर ने सख्त बयान दे दिया। उन्होंने कहा कि यह घटना देश के खिलाफ साजिश है। आईजी को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुलिस इससे पहले ही एक्शन में आ चुकी थी। अगले दिन अर्थात आज मंगलवार सुबह 9 बजे तक परिणाम का आश्वासन दे दिया था। एक नाबालिग को हिरासत में ले लिया था। बताया गया है कि शातिर मुख्य आरोपियों ने किशोर अपराधियों के प्रति कानून के नरम रुख को देखते हुए इसी से तिरंगा लहराया था।
