राजस्थान: भीड़ में घुस गया डम्पर, 15 लोग दब गए, 5 की मौत, 10 गम्भीर घायल, ब्रेक फेल होने से हुआ हादसा, बस को भी टक्कर मारी
एनसीआई@दौसा
जिले के लालसोट कस्बे के बस स्टेंड पर आज रविवार दिन के साढ़े ग्यारह बजे करीब बड़ा हादसा हो गया। यहां एक तेज रफ्तार डम्पर ने कई बाइक सवारों को कुचल दिया। इस हादसे में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया है कि डम्पर का ब्रेक फेल हो जाने से यह हादसा हुआ। इसके बाद वह बस से टकराते हुए भीड़ में घुस गया। इन दोनों ही वाहनों के नीचे 15 लोग दब गए थे।

10 गम्भीर घायलों को लालसोट और दौसा के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बस व डम्पर के नीचे फंसे घायलों को निकालने के लिए क्रेन की मदद लेनी पड़ी। स्थानीय नेताओं ने हादसे के लिए पुलिस प्रशासन को जिम्मेदार बताया है। डम्पर के टायर के नीचे आने से एक युवक के दौनों पैर कुचल गए। उसे बड़ी मुश्किल से बाहर निकाला गया।
कांग्रेस नेता कमल मीणा ने कहा कि इस इलाके में सुबह 8 से रात 8 बजे तक बड़े वाहनों की एंट्री बंद है। इसके बावजूद ऐसे बजरी से भरे डम्पर भीड़ भरे इलाकों में घुस रहे हैं। ये सभी बड़े लोगों के डम्पर हैं और राजनीतिक संरक्षण से चल रहे हैं।

पुलिस प्रशासन इस घटना के लिए जिम्मेदार है। तीन दिन पहले लालसोट के सारे व्यापारी सुबह 9 से दोपहर 3 बजे तक इसी समस्या को लेकर धरने पर बैठे थे, लेकिन एसपी सहित किसी ने ध्यान नहीं दिया।
घायलों को हायर सेंटर रेफर किया
लालसोट जिला अस्पताल के सीएमएचओ डॉ. सीताराम मीणा ने बताया कि 15 घायलों को अस्पताल लाया गया था। इनमें से 4 की पहले ही मौत हो चुकी थी। हादसे में घायल एक और व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हुई। मृतकों में लक्ष्मी महावर (14), रेवड़ (33) पुत्र गेंडालाल, महेश चंद्र शर्मा और रामहरि योगी शामिल हैं।
वहीं, घायलों में अजय (33) पुत्र जेनेंद्र, कस्तूरी (34) पत्नी रामफूल, पप्पू (50) पुत्र बहरूपिया, बिरमा (45) पत्नी जगदीश, अर्चना (35), हाकिम सिंह (60) छाजुूसिंह, गोलू (14) पुत्र लल्लू महावर, मानसिंह (14) पुत्र बजरंग, उर्मिला (40) पत्नी शम्भूदयाल और पूजा (30) को दौसा और दूसरे हॉस्पिटल में रेफर किया गया है।

हादसे के बाद सैकड़ों आक्रोशित लोगों ने बस स्टेंड पर जाम लगा दिया। इनका कहना था कि प्रतिबंध के बावजूद प्रशासन की मिली-भगत से शहर में डम्पर दौड़ रहे हैं।
बस के नीचे भी दबे लोग
हादसे में घायल बौंली गांव के निवासी पप्पू बहरूपिया (52) ने बताया कि हम मूंगफली खरीद रहे थे।लहमारे पीछे एक बस खड़ी थी। उसी दौरान बस हमारे ऊपर चढ़ गई। वहां पर बहुत लोग थे, काफी लोग घायल हो गए। बिरमा देवी (45) ने कहा कि मैं बस से उतर कर दूसरी तरफ जा रही थी। एकदम से बस ऊपर चढ़ गई। मेरे साथ मेरी बेटी थी। वो बच गई, लेकिन मुझे काफी चोट आई है।

इस हादसे के बाद विधायक रामबिलास मीणा लालसोट थाने पहुंचे और एएसपी लोकेश मीणा के समक्ष आक्रोश जताया। विधायक मीणा ने इस हादसे का जिम्मेदार पुलिस को बताया। विधायक ने एएसपी लोकेश मीणा से सवाल किए कि जब शहर में सुबह 8 बजे से रात 9 बजे तक बड़े वाहन प्रतिबंधित हैं तो किसके आदेश पर इन ओवरलोड वाहनों को एंट्री दी जा रही है।
डम्पर शहर में कैसे आया, इसकी जांच कर रहे
लालसोट एएसपी लोकेश सोनवाल ने कहा- लालसोट से दौसा की ओर जा रहे रास्ते की ओर लम्बी ढलान है। दोपहर के समय बजरी से भरा एक डम्पर ढलान की ओर जा रहा था। इसी दौरान डम्पर का ब्रेक फेल होने से अनियंत्रित हो गया। कई लोग डम्पर की चपेट में आ गए। इसमें एक बच्ची और महिला सहित 5 लोगों की मौत हुई है।

एएसपी ने कहा- ये सही बात है कि सुबह 8 बजे से बड़े वाहनों की एंट्री शहर में बंद है। इसके बावजूद कैसे ये डम्पर शहर में घुसा, इसकी जांच कर रहे हैं। शहर में दो एंट्री पॉइंट हैं, दोनों पर पुलिस जाब्ता लगाया गया है, ताकि भविष्य में कोई वाहन दिन में शहर में न घुस पाए।
