कोई भेदभाव नहीं करेंगे, घुसपैठियों को भी 450 रुपए में देंगे सिलेंडर, कांग्रेस के झारखंड प्रभारी गुलाम अहमद मीर की इस घोषणा से मच गया बवाल (वीडियो देखें)
झारखंड के बेरमो विधानसभा क्षेत्र के चंद्रपुरा में कांग्रेस नेता गुलाम अहमद मीर ने कहा कि अगर हमारी सरकार बनती है तो हम 1 दिसम्बर से सभी को 450 रुपए में गैस सिलेंडर देंगे। चाहे वह घुसपैठिए ही हो।
एनसीआई@रांची
झारखंड में विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग के बाद अब दूसरे फेज को लेकर प्रचार अभियान तेजी से जारी है। इस बीच, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव और झारखंड कांग्रेस के प्रभारी गुलाम अहमद मीर के एक बयान पर भारी विवाद पैदा हो गया है। बड़ी बात यह है कि उनके इस बयान का कांग्रेस की राष्ट्रीय राजनीति तक पर असर पड़ना निश्चित है। दरअसल, मीर ने एक चुनावी रैली में यह कहकर विवाद खड़ा कर दिया कि अगर उनकी पार्टी सत्ता में आई तो राज्य के सभी नागरिकों को 450 रुपए में गैस सिलेंडर दिए जाएंगे, चाहे वे घुसपैठिए हों या कोई और। मीर ने जब यह घोषणा की तो उनके साथ खड़ा हुआ नेता भी एकदम चौंक कर उनकी ओर देखने लगा था। यह अलग बात है कि बाद में सभी ने इस पर तालियां बजाईं।
बेरमो विधानसभा क्षेत्र के चंद्रपुरा में गुरुवार (14 नवम्बर) को एक चुनावी रैली को सम्बोधित करते हुए गुलाम अहमद मीर ने कहा, ”हमने वादा किया है कि अगर हमारी सरकार बनती है तो हम एक दिसम्बर से 450 रुपए में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराएंगे। यह आम जनता के लिए होगा। चाहे वे हिन्दू हों, मुसलमान हों, घुसपैठिए हों- यह झारखंड के सभी नागरिकों को दिया जाएगा, वह किसी भी सोच से हो, किसी भी तबके से हो।” मीर के इस बयान का कांग्रेस ने खंडन नहीं किया है।
बीजेपी ने कांग्रेस को घेरा
उधर, बीजेपी ने इस मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा है। जवाब में भारतीय जनता पार्टी ने दावा किया कि ऐसी टिप्पणी राष्ट्र-विरोधी है और कांग्रेस की तुष्टिकरण और ध्रुवीकरण की राजनीति को दर्शाती है। बहरहाल यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब बीजेपी नेता झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) नीत गठबंधन पर राजनीतिक कारणों और ‘वोट बैंक की राजनीति’ के चलते राज्य में घुसपैठ को बढ़ावा देने का आरोप लगा रहे हैं।
झारखंड में 20 नवम्बर को दूसरे चरण का मतदान
उल्लेखनीय है कि झारखंड विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान 20 नवम्बर को है। पहले चरण में 43 सीटों के लिए बुधवार (13 नवम्बर) को 1.37 करोड़ मतदाताओं में से 66.18 प्रतिशत से अधिक ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। एक निर्वाचन अधिकारी के मुताबिक रात 9.50 मिनट तक के आंकड़ों के अनुसार लगभग 66.18 फीसदी मतदान दर्ज किया गया।
पहले चरण में लोहरदगा जिला 73.21 प्रतिशत मतदान के साथ टॉप पर रहा, जबकि हजारीबाग जिले में सबसे कम 62.78 प्रतिशत वोटिंग दर्ज हुई।
