April 17, 2026

News Chakra India

Never Compromise

युवक कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से कहा-अधिकारी को ठोक लिया करो, बाद में हम निपट लेंगे, आईजी के घेराव से भी पीछे नहीं हटेंगे

युवक कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से कहा-अधिकारी को ठोक लिया करो, बाद में हम निपट लेंगे, आईजी के घेराव से भी पीछे नहीं हटेंगे

एनसीआई@बाड़मेर

राजस्थान युवक कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष एवं हनुमानगढ़ जिले की संगरिया विधानसभा सीट से विधायक अभिमन्यु पूनिया ने कार्यकर्ताओं से कहा- अधिकारी अगर ज्यादा परेशान करें तो नौजवान मजबूत हैं, अधिकारी को ठोक लिया करो। फिर हम निपट लेंगे।

पूनिया शनिवार को प्रदेश युवक कांग्रेस की सेड़वा कस्बे में आयोजित जनसभा को सम्बोधित कर रहे थे। इस सभा का आयोजन युवाओं को नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करने के नाम से किया गया था।

यहां पूनिया ने कहा-कांग्रेस के किसी साथी या आम जनता के साथ अन्याय हुआ तो यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता कांग्रेस का झंडा लेकर हर जगह जाएगा। तहसील, उपखंड, जिला स्तर और आईजी का भी घेराव करना पड़े तो पीछे नहीं हटेंगे। शाम 6 बजे हुई इस जनसभा से पहले ‘नौकरी दो-नशा नहीं’ अभियान के तहत धनाऊ से सेड़वा तक एक बाइक रैली भी निकाली गई। 19 किलोमीटर तक निकली इस बाइक रैली में बाड़मेर सहित आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे थे।

एक व्यक्ति के नशे से कई परिवारों को नुकसान

रैली के बाद हुई सभा को सम्बोधित करते हुए पूनिया ने कहा, हम लोग आपके साथ हैं। बाड़मेर, जैसलमेर, मारवाड़ का नौजवान वैसे ही मजबूत है। अधिकारी को ठोक लिया करो। उसके बाद उम्मेदारामजी (बाड़मेर सांसद) और हम सब निपट लेंगे। प्रदेशाध्यक्ष पूनिया ने आगे कहा- राजस्थान में नशा बढ़ रहा है। नशे की वजह से पूरे गांव का माहौल खराब होता है। एक व्यक्ति का नशा परिवार को नहीं, बल्कि कई परिवारों को खराब करता है। मैं जिस इलाके से आता हूं, वहां देखेंगे तो पूरा सफेद पाउडर से खत्म हो चुका है। सरकारें नौजवान की बात करती हैं। रोजगार की बात करती हैं। देश में जब से मोदी सरकार आई है, तब से रोजगार देने की केवल बात की है, एक भी युवा को रोजगार नहीं दिया।

एक भी युवा को नौकरी नहीं दी

पूनिया बोले- राजस्थान में सरकार का एक साल पूरा हो गया। एक भी युवा को नौकरी नहीं दी। कांग्रेस की मजबूती आप हैं। आप नौजवान साथी हैं। बाइक रैली से सरकार और जिला प्रशासन को संदेश दिया है। आपको (सरकार-प्रशासन) नौजवानों की बात सुननी पड़ेगी। पानी, बिजली पर बात करनी पड़ेगी।

राजस्थान के मुख्यमंत्री से पूछिए कानून व्यवस्था के क्या हालात हैं। जोधपुर में एक माह में 10-10 बच्चियों के साथ अत्याचार हो रहे हैं। राजस्थान सरकार सो रही है।

पेपर लीक केस में सिर्फ नौजवानों को पकड़ रहे

पूनिया ने कहा-भाजपा ने कहा था कि सत्ता में आए तो पेपर लीक करने वालों को जेल करा देंगे। पेपर रद्द करवा देंगे। एक साल हो गया। सरकार सिर्फ नौजवान साथियों को पकड़ रही है। सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल ने भी सभा में राजस्थान सरकार पर राजनीतिक हमले किए।

बाइक रैली और सेड़वा में आयोजित सभा में राजस्थान प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रभारी मोहम्मद शाहिद सहित प्रदेश, जिला व ब्लॉक पदाधिकारी एवं जिले के वरिष्ठ नेता शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.