राजस्थान: घर में बिजनेसमैन सहित पत्नी और बेटी के शव मिले, सामूहिक आत्महत्या या पत्नी और बेटी की हत्या करने के बाद आत्महत्या कर लेने की आशंका, दस दिन पुराने शवों से आ रही थी दुर्गंध
एनसीआई@बीकानेर
शहर के बल्लभ गार्डन स्थित एक मकान में परिवार के मुखिया बिजनेसमैन सहित पत्नी और बेटी के शव मिलने से हड़कम्प मच गया। यहां बिजनेसमैन का शव कमरे की छत के हुक से लटका मिला। वहीं, पत्नी और बेटी के शव फर्श पर पड़े हुए थे। पुलिस ने प्रथम दृष्टया इन शवों को करीब दस दिन पुराना बताते हुए इसे सामूहिक आत्महत्या का मामला माना है। पड़ोसियों के अनुसार यह परिवार किसी से बातचीत नहीं करता था। तनाव में नजर आता था। आर्थिक तंगी की संभावना है।

शवों के काफी पुराना होने से बिजनेसमैन का शरीर तो पूरी तरह कंकाल बन चुका था। मां-बेटी के भी शव गल चुके थे। मकान से काफी तेज दुर्गंध आने की सूचना पड़ोसियों ने पुलिस को फोन कर के दी। इस पर पुलिस जब मौके पर पहुंची तो मामले का खुलासा हुआ। तीनों शवों को जयनारायण व्यास कॉलोनी पुलिस ने कब्जे में ले लिया।
यह है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, बल्लभ गार्डन में चिराग होटल के सामने वाली सड़क पर नितिन खत्री (50) का मकान है। यहां वह अपनी पत्नी रजनी (45) और बेटी जेसिका (18) के साथ रहते था।
मकान से बदबू आने पर पड़ोसियों ने बुधवार रात पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस ने मौके पर एफएसएल और एमओबी की टीम को भी सबूत जुटाने के लिए बुलाया। वहीं, इस मामले की जानकारी मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए थे।

सूचना पाकर एसपी कावेंद्र सिंह सागर, सीओ सदर आईपीएस विशाल जांगिड़ आदि पुलिस के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई की। व्यास कॉलोनी पुलिस थाना एसएचओ सुरेन्द्र पचार ने बताया कि तीनों शवों को पीबीएम हॉस्पिटल में रखवाया गया है। आशंका है कि पति-पत्नी, बेटी ने सामूहिक आत्महत्या की है।
आशंका यह भी जताई गई है कि निखिल खत्री ने पहले पत्नी और बेटी को मारा होगा, इसके बाद खुद ने फंदा लगा लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने का इंतजार है। इसी के बाद तीनों की मौत का कारण साफ हो पाएगा।
