April 17, 2026

News Chakra India

Never Compromise

शादी से एक दिन पहले कुएं में मिला दुल्हन का शव, रात को धूमधाम से निकाली गई थी बिंदौरी, पिता को हत्या की आशंका

शादी से एक दिन पहले कुएं  में मिला दुल्हन का शव, रात को धूमधाम से निकाली गई थी बिंदौरी, पिता को हत्या की आशंका

एनसीआई@डूंगरपुर

जिले के सरोदा थाना क्षेत्र के शिवराजपुर गांव में जिस युवती की कल शनिवार को शादी होनी थी, उसकी बारात आनी थी, आज शुक्रवार दोपहर दो बजे करीब उसका शव घर से थोड़ी दूर स्थित एक कुएं में मिला। इससे पूरे गांव में हड़कम्प मच गया। दुल्हन के परिवार में ही नहीं, पूरे गांव में मातम छा गया।

कल, गुरुवार रात को इस‌‌ युवती की धूमधाम से घोड़ी पर बिंदौरी निकाली गई थी। युवती के पिता ने हत्या की आशंका जताई है।थानाधिकारी भुवनेश कुमार ने बताया- नारायणलाल पुत्र मोगजी प्रजापत की ओर से रिपोर्ट दी गई है। इसमें बताया गया है कि उनकी बेटी नेहा प्रजापत (21) की 19 अप्रेल को शादी होनी थी। लेकिन, आज (शुक्रवार) दोपहर घर से कुछ ही दूरी पर नेहा का शव कुएं में मिला।

ग्रामीणों ने शव देखा तो परिवार को सूचना दी। इस पर वे दौड़कर मौके पर पहुंचे और नेहा को कुएं से बाहर निकाला। उसे तुरंत सागवाड़ा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को मॉर्च्युरी में रखवाया गया।

नेहा की मौत की खबर सुनकर परिवार की महिला परिजन की तबीयत बुरी तरह बिगड़ गई। बेहोशी की हालत हो गई। परिवार के अन्य सदस्यों और रिश्तेदारों ने उसे संभाला।

पिता का आरोप- हत्या कर शव कुएं में डाला

पिता नारायणलाल ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि नेहा की शनिवार को शादी होने वाली थी। इससे वह खुश थी। वह आत्महत्या नहीं कर सकती है। उसे ऐसा करने के लिए किसी ने मजबूर किया है या उसकी किसी ने हत्या कर शव कुएं में फेंका है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।

शादी के घर में पसरा मातम

ग्रामीणों ने बताया कि भीलुड़ा गांव से शनिवार सुबह बारात आने वाली थी। बारात के स्वागत और खाने-पीने के लिए मिठाई व अन्य चीजें बनाई जा रहीं थीं। इसके साथ ही टेंट-डेकोरेशन सहित अन्य तैयारियां की जा रही थीं।

गुरुवार रात को दुल्हन नेहा की घोड़ी पर बिंदौरी भी निकाली गई थी। बेंड-बाजे के साथ बिंदौरी में खूब मौज-मस्ती और डांस किया, लेकिन अब गांव में मातम पसर गया है। नेहा के पिता गांव में ही खेती-बाड़ी करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.