गहलोत-पायलट मुलाकात पर केन्द्रीय मंत्री शेखावत का तंज-इसका खबर बनना ही दिखा रहा कि दूरियां कितनी हैं, उन्हें शुभकामनाएं
एनसीआई@अजमेर
केन्द्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने रविवार को यहां एक कार्यक्रम में भाग लेने पहुंचे। उनके सामने सवाल रखा गया तो कांग्रेस पर चुटकी ली। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट की मुलाकात पर तंज किया। कहा, जब एक ही पार्टी के दो बड़े नेताओं का मिलना खबर बन जाए, तो समझ लेना चाहिए कि दूरियां कितनी हैं और असहजता कितनी है। देर से आए, साथ आए।
शेखावत ने आगे कहा- उनके दल में जिस तरह का बिखराव है, जिस तरह की टूटन है, जिस तरह का क्षरण है, मैं उनके दल की योजना व व्यक्तिगत विषयों पर टिप्पणी किए बिना उन्हें शुभकामना देता हूं।
उल्लेखनीय है कि जुलाई 2021 के बाद पहली बार राजस्थान कांग्रेस के दो बड़े नेताओं अशोक गहलोत और सचिन पायलट की कल यानी 7 जून, शनिवार को मुलाकात हुई। दरअसल, कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव सचिन पायलट गहलोत को अपने दिवंगत पिता राजेश पायलट की पुण्यतिथि कार्यक्रम में आमंत्रित करने उनके निवास पर पहुंचे थे। इसका वीडियो गहलोत ने अपने X अकाउंट पर शेयर किया था।

पानी और ऊर्जा से होगा देश का विकास
अजमेर में पहल जन सेवा संस्था द्वारा आयोजित 12वीं के मेधावी छात्रों के सम्मान समारोह में पहुंचे केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्रसिंह शेखावत ने कहा कि किसी भी देश की अर्थव्यवस्था के विकास में पानी व ऊर्जा की अहम भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पानी की महत्ता को समझते हुए इसे जन-जन का आंदोलन बनाया है। पूर्व में वसुंधरा सरकार में भी जल स्वावलम्बन योजना में राजस्थान के परिणाम सर्वश्रेष्ठ रहे थे।

युवा पीढ़ी बनाएगी विकसित भारत
शेखावत ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश विकसित होने की यात्रा पर है। इसमें वर्तमान पीढ़ी की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है, जो आने वाले समय में विकसित भारत का प्रतिनिधित्व करेगी। उन्होंने कहा कि कोई भी देश केवल इंफ्रास्ट्रक्चर से नहीं, बल्कि अपने मानवीय संसाधन से महान बनता है।

मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान सराहनीय
सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में शेखावत ने 90% या इससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं के सम्मान की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ी को प्रेरणा देने का यह वार्षिक कार्यक्रम सराहनीय है और इसके लिए संस्था की अध्यक्ष अनिता भदेल बधाई की पात्र हैं

505 छात्र-छात्राओं को किया सम्मानित
पहल जन सेवा संस्था अजमेर की ओर से 12वीं में 90% या इससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले 505 मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान समारोह जेएलएन मेडिकल कॉलेज में आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि केन्द्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, विधायक अनीता भदेल और राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के अध्यक्ष नारायण गुप्ता ने छात्रों को सम्मानित किया।

इससे पहले सर्किट हाउस में शेखावत का भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इस दौरान विधायक अनिता भदेल, शहर भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश सोनी सहित कई नेता और कलेक्टर लोकबंधु, एसपी वंदिता राणा व एडीएम सिटी गजेन्द्र सिंह मौजूद रहे।
