February 28, 2026

News Chakra India

Never Compromise

श्री गणेश महाशृंगार एवं वंदना के साथ हुई कोटा महोत्सव की भव्य शुरुआत, रविवार को चम्बल रिवर फ्रंट के पश्चिमी घाट पर रहेगा निःशुल्क प्रवेश

श्री गणेश महाशृंगार एवं वंदना के साथ हुई कोटा महोत्सव की भव्य शुरुआत, रविवार को चम्बल रिवर फ्रंट के पश्चिमी घाट पर रहेगा निःशुल्क प्रवेश

किशोर सागर तालाब की पाल पर पुष्प प्रदर्शनी का शुभारम्भ
• मास्टर शेफ प्रतियोगिता, लोकल टेलेंट हंट एवं घूमर शो रहे आकर्षण

एनसीआई@जयपुर

कोटा महोत्सव 2026 का शुभारम्भ शनिवार को गोदावरी धाम पर श्री गणेश महाशृंगार एवं वंदना के साथ हुआ। सम्भागीय आयुक्त अनिल कुमार अग्रवाल ने गोदावरी धाम में प्रथम पूज्य भगवान श्री गणेश जी की पूजा अर्चना कर कोटा महोत्सव का शुभारम्भ किया। गणपति वंदना और कथक नृत्य की मनोरम प्रस्तुतियों के बीच दो दिवसीय कोटा महोत्सव आरम्भ हो गया।

इस अवसर पर बाल नृत्यांगनाओं ने गणपति स्तुति की प्रस्तुति दी। रविवार को चम्बल रिवर फ्रंट के पश्चिमी घाट पर कोटा महोत्सव के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के लिए सभी का प्रवेश निःशुल्क होगा, कोई रजिस्ट्रेशन नहीं कराना होगा।

कोटा महोत्सव 2026 के तहत किशोर सागर तालाब की पाल पर शनिवार को फ्लावर शो (पुष्प प्रदर्शनी) का सम्भागीय आयुक्त ने विधिवत रूप से शुभारम्भ किया। पुष्प प्रदर्शनी में लोगों को विभिन्न प्रकार के प्रजातियों के पुष्प देखने को मिलेंगे। इस प्रदर्शनी में निजी संस्थान औद्योगिक, संस्थान शिक्षण संस्थान, निजी नर्सरी एवं व्यक्तिगत रूचि रखने वाले व्यक्ति भाग ले रहे हैं। इस अवसर पर भाजपा शहर जिलाध्यक्ष राकेश जैन, जिला कलक्टर पीयूष समारिया, प्रशिक्षु आईएएस आराधना चौहान, अतिरिक्त कलक्टर सीलिंग कृष्णा शुक्ला एवं कोटा व्यापार महासंघ से अशोक माहेश्वरी, क्रांति जैन, नितिन विजय, डॉ. साकेत गोयल सहित आयोजन से जुड़ी विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी एवं जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

विभिन्न प्रदर्शनियों का किया अवलोकन

जिला कलक्टर पीयूष समारिया ने चम्बल रिवर फ्रंट पर आयोजित विभिन्न प्रदर्शनियों का अवलोकन किया। राजपूताना घाट पर आयोजित दीदी की हाट में उन्होंने स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित हस्त उत्पाद देखे। वन्य जीवन पर आधारित फोटो प्रदर्शनी में विभिन्न वन्य जीवों, प्राकृतिक सौंदर्य से जुड़ी तस्वीरें देखीं। ऑर्गेनिक खेती एवं मिलेट्स उत्पादों की प्रदर्शनी में उन्होंने मोटे अनाज से बने उत्पादों की जानकारी ली। घंटी घाट पर यंग इंडिया कार्यक्रम के तहत आईस्टार्ट कोटा द्वारा लगाए गए स्टॉल्स पर जिला कलक्टर ने स्टार्टअप्स के उत्पादों एवं सेवाओं के बारे में जानकारी दी। राजस्थान सेंटर ऑफ एडवांस टेक्नोलॉजी एवं जय मीनेष आदिवासी विश्वविद्यालय की ओर से करियर काउंसलिंग स्टॉल का भी अवलोकन किया।

लोकल टेलेंट हंट कार्यक्रम में बख्शी स्कूल रहा प्रथम

कोटा महोत्सव 2026 के पहले दिन विभिन्न कार्यक्रमों एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। चम्बल रिवर फ्रंट के शौर्य घाट पर लोकल टैलेंट हंट कार्यक्रम के तहत स्थानीय प्रतिभाओं ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। प्रतियोगिता के तहत सामूहिक नृत्य परिणाम में बख्शी स्कूल प्रथम, पवित्रम् संस्थान द्वितीय एवं विद्यांजलि स्कूल तृतीय स्थान पर रहे। युगल नृत्य में शिविषा एवं युविष्का प्रथम, अनिता और पावनी द्वितीय स्थान पर रही। एकल नृत्य में प्रज्ञा शर्मा प्रथम, भाविका द्वितीय एवं गिरिशा कुमारी तृतीय स्थान पर रही। फ्ल्यूट वादन में सिद्धार्थ प्रजापति प्रथम एवं कृष्णा सोनी दूसरे स्थान पर रहे। कविता पाठ में नव्या शर्मा विजेता रही। समूह गान में प्रथम बख्शी स्कूल एवं डॉ. दीपिका संगीत विद्यालय ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। एकल गायन प्रतियोगिता में प्रथम अर्चना सुमन, द्वितीय नेहा जैन एवं तीसरे स्थान पर सत्येन्द्र विजेता हुए। मास्टर शेफ प्रतियोगिता में गौरांश, रविन्द्र और महक रहे प्रथम।

चम्बल रिवर फ्रंट के शौर्य घाट पर मास्टर शेफ प्रतियोगिता भी आयोजित हुई। इसमें शहर के प्रमुख होटल-रेस्टारेंट के शेफ एवं अन्य प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में साउथ इंडियन फूड बनाने में गोरांश वर्मा प्रथम रहे। चाइनीज फूड बनाने में रविन्द्र सिंह प्रथम एवं बंटी द्वितीय स्थान पर रहे तथा बैकरी आइटम में महक अरोड़ा प्रथम एवं अयाज खान ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। राजस्थानी फूड बनाने में जेठु सिंह प्रथम एवं विश्वनाथ द्वितीय स्थान पर रहे। सभी विजेताओं को स्मृति चिह्र एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए।

निरोगी कोटा थीम पर हुआ हेल्थ टॉक शो

कोटा महोत्सव के तहत निरोगी कोटा थीम पर चम्बल रिवर फ्रंट के घंटीघाट पर आयुर्वेद योग व हेल्थ टॉक शो कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें जिला कलक्टर पीयूष समारिया भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन में हेल्दी लाइफ स्टाइल के बारे में जागरूकता पैदा होती है। इस अवसर पर होटल फेडरेशन कोटा के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी, उप महानिरीक्षक पंजीयन एवं मुद्रांक पुष्पा हरवानी, सीएमएचओ डॉ. नरेन्द्र नागर आदि मौजूद थे।

अतिरिक्त निदेशक आयुर्वेद डॉ अंजना शर्मा, उपनिदेशक आयुर्वेद  डॉ. प्रवीण सिंह मीना व आयुर्वेद महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. नित्यानंद शर्मा ने अपने व्याख्यान में आयुर्वेद के प्रति बढ़ते रुझान के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम में योग क्रिया रोगानुसार प्रदर्शन योग प्रशिक्षक प्रकाश साहू  व टीम द्वारा किया गया। इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज एवं नर्सिंग के विद्यार्थी मौजूद रहे। कार्यक्रम की शृंखला में रविवार को आईएमए के सहयोग से निरोगी कोटा थीम के तहत हेल्थ टॉक में विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सक एवं आम नागरिकों में संवाद किया जाएगा एवं विभिन्न विषयों पर जानकारी दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.