February 28, 2026

News Chakra India

Never Compromise

बिरला ने किया वल्लभ सम्प्रदाय की प्रथम पीठ श्री बड़े मथुराधीश जी मंदिर कॉरिडोर के प्रथम चरण व अन्य विकास कार्यों का शिलान्यास, 18.24 करोड़ रुपए आएगी लागत

बिरला ने किया वल्लभ सम्प्रदाय की प्रथम पीठ श्री बड़े मथुराधीश जी मंदिर कॉरिडोर के प्रथम चरण व अन्य विकास कार्यों का शिलान्यास, 18.24 करोड़ रुपए आएगी लागत

• 9.82 करोड़ रुपए से केथूनीपोल चौराहे से सेंट पॉल स्कूल तक बनने वाले लिंक रोड व 2.5 करोड़ रुपए की लागत की फसाड लाइट कार्य का भी शिलान्यास

• कोटा महोत्सव के तहत आयोजित हेरिटेज वॉक में शामिल हुए लोकसभा अध्यक्ष बिरला

एनसीआई@कोटा

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने रविवार को पाटनपोल स्थित वल्लभ सम्प्रदाय की प्रथम पीठ श्री बड़े मथुराधीश जी मंदिर कॉरिडोर के प्रथम चरण एवं अन्य विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कोटा महोत्सव के तहत आयोजित हैरिटेज वॉक में भी भाग लिया।

इस अवसर पर बिरला ने कहा कि श्री मथुराधीश जी मंदिर केवल श्रद्धा का केन्द्र नहीं, बल्कि हाड़ोती की आध्यात्मिक चेतना और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मंदिर के परिक्रमा मार्ग एवं अन्य विकास कार्यों की शुरुआत ऐतिहासिक अवसर है। उन्होंने कहा कि मंदिर की प्राचीन गरिमा को सुरक्षित रखते हुए समय की आवश्यकताओं के अनुरूप सुविधाएं विकसित की जाएंगी, ताकि देश-दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर व्यवस्था मिल सके।

18.24 करोड़ रुपए से होगा प्रथम चरण का विकास

पाटनपोल में आयोजित शिलान्यास समारोह में बिरला ने कहा कि मथुराधीश मंदिर कॉरिडोर के प्रथम चरण के तहत केडीए द्वारा 18.24 करोड़ रुपए की लागत से श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए विकास कार्य किए जाएंगे। इसके पश्चात बिरला के नेतृत्व में गणमान्य शहरवासी हेरिटेज वॉक में शामिल हुए। यह हेरिटेज वॉक श्री मथुराधीश जी मंदिर से पाटनपोल होते हुए गढ़ पैलेस पहुंची। यहां साफा फेस्ट के दौरान अतिथियों का साफा बांधकर स्वागत किया गया।

केथूनीपोल से सेंट पॉल स्कूल तक लिंक सड़क का शिलान्यास

हेरिटेज वॉक के दौरान केथूनीपोल थाना परिसर में आयोजित कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष ने 9.82 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली केथूनीपोल चौराहे से सेंट पॉल स्कूल तक लिंक सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इसके बाद हेरिटेज वॉक श्रीपुरा, सब्जी मंडी और अग्रसेन बाजार होते हुए रामपुरा बाजार पहुंची। यहां पीपल चौक पर इसका समापन हुआ। इस दौरान उन्होंने 2.5 करोड़ रुपए की लागत से महात्मा गांधी विद्यालय, महारानी विद्यालय रामपुरा, घंटाघर और लक्खी बुर्ज पर फसाड लाइट इंस्टॉलेशन कार्य का भी शिलान्यास किया।

अयोध्या, उज्जैन, सोमनाथ और खाटू श्यामजी जैसा होगा विकास

बिरला ने इस मौके पर कहा कि जिस प्रकार अयोध्या, उज्जैन, सोमनाथ और खाटू श्यामजी जैसे प्रमुख धामों का विकास हुआ है, उसी भावना से श्री मथुराधीश जी मंदिर को भी आध्यात्मिक पर्यटन के प्रमुख केन्द्र के रूप में विकसित किया जाएगा। कोटा के पुराने बाजार, ऐतिहासिक गलियां और धरोहरें शहर की पहचान हैं। इन्हें सुरक्षित रखते हुए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारा लक्ष्य है। मंदिर परिसर के भीतर होने वाले कार्य संतजनों और श्रद्धालुओं से संवाद के बाद ही किए जाएंगे, ताकि आस्था और परम्परा का सम्मान बना रहे।

बिरला ने कहा कि धार्मिक पर्यटन के साथ रामगढ़ अभयारण्य और चम्बल की जल-जंगल सफारी को भी विकसित किया जाएगा। राज्य सरकार द्वारा इस दिशा में 25 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। कोटा को आध्यात्मिक, पर्यावरण और सांस्कृतिक पर्यटन के केन्द्र के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में धार्मिक पर्यटन तेजी से बढ़ रहा है और लाखों श्रद्धालु प्रमुख धामों पर पहुंच रहे हैं। ऐसे में कोटा को भी अपनी आध्यात्मिक और ऐतिहासिक पहचान के अनुरूप विकसित किया जाएगा।

कोटा को बहुआयामी विकास के पथ पर आगे बढ़ा रही सरकार : नागर

ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि राज्य सरकार कोटा को बहुआयामी विकास के पथ पर आगे बढ़ा रही है। आध्यात्मिक स्थलों के विकास के साथ आधारभूत ढांचे को मजबूत किया जा रहा है, जिससे पर्यटन और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। श्री मथुराधीश मंदिर कॉरिडोर और अन्य परियोजनाएं कोटा को प्रदेश के प्रमुख पर्यटन केन्द्रों में स्थापित करेंगी।विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि श्री मथुराधीश मंदिर कॉरिडोर यहां के लोगों की वर्षों पुरानी मांग रही है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के प्रयासों से आज यह मूर्त रूप ले रहा है। कॉरिडोर का निर्माण कोटा की आस्था और विरासत को नई दिशा देगा। यह परियोजना हाड़ोती की सांस्कृतिक पहचान को और सुदृढ़ करेगी। श्रद्धालुओं की सुविधाओं के साथ आसपास के क्षेत्र का सुनियोजित विकास स्थानीय व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

हेरिटेज वॉक में ये भी रहे शामिल

हेरिटेज वॉक में सम्भागीय आयुक्त अनिल कुमार अग्रवाल, जिला कलक्टर पीयूष समारिया, भाजपा शहर जिलाध्यक्ष राकेश जैन, कोटा व्यापार महासंघ के अध्यक्ष क्रांति जैन, होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा सम्भाग के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी, कोटा पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन के अध्यक्ष तरुमित सिंह बेदी सहित विभिन्न व्यापारिक एवं अन्य संगठनों के पदाधिकारी व सदस्य शामिल हुए। इस दौरान रास्तेभर स्वागत द्वार बनाए गए थे। केथूनीपोल और रामपुरा बाजार सहित विभिन्न स्थानों पर व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों ने लोकसभा अध्यक्ष बिरला व अन्य अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.