लड़की की शादी की रस्म में नाचने आई डांसर के साथ उसका भाई फरार, कुछ दिन बाद एक होटल से सामने आया दोनों का वीडियो, डेढ़ महीने पहले ही लड़के की हुई थी शादी, पत्नी ने लगाए डांसर पर गम्भीर आरोप
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक अपनी बहन की शादी में नाचने आई डांसर के साथ फरार हो गया। दोनों का एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें वह जयपुर की एक होटल में एंट्री करते दिख रहे हैं। परिवार ने न्याय की गुहार की है।
एनसीआई@अलीगढ़
जिले के गांधी पार्क थाना क्षेत्र के सराय इंतजाम अली इलाके से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक शादी में डांस करने आई सोनी उर्फ शबनम नाम की युवती, लड़की के भाई बिलाल के साथ फरार हो गई। लड़के के परिजनों का कहना है कि युवती सोनी विवाह और पार्टियों में डांस करने के दौरान युवकों से सम्पर्क बढ़ाती है, फिर धीरे-धीरे उन्हें अपने प्रेमजाल में फंसा लेती है। इसके बाद पैसों की मांग और दबाव का सिलसिला शुरू हो जाता है। परिवार का आरोप है कि यह युवती सोनी उर्फ शबनम अपने पहले प्रेमी की भी हत्या कर चुकी है। परिवार ने बिलाल के गायब होने की पुलिस में शिकायत दी है। इस पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बिलाल की करीब डेढ़ महीने पहले ही शादी हुई थी।
मामला यह है कि गांधी पार्क थाना क्षेत्र के सराय इंतजाम अली के रहने वाले बिलाल की शादी 3 दिसंबर 2025 को मुस्लिम रीति रिवाज से गुलिस्ता से हुई थी। इसके बाद 5 दिसम्बर को बिलाल की बहन की शादी थी। इसके तहत 4 दिसम्बर को बिलाल की बहन की शादी के मेहंदी कार्यक्रम में नाच गाने के लिए 2 डांसर को बुलवाया गया था। इनमें से एक डांसर सोनी उर्फ शबनम निवासी शाह जमाल भी थी। कार्यक्रम के बाद जब सोनी को वापस छोड़ने की बात आई तो बिलाल भी उसको छोड़ने के लिए गया। इसी दौरान बिलाल और सोनी के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। दोनों ने एक दूसरे के नम्बर ले लिए और अक्सर बातचीत करने लगे। इसके बाद से बिलाल परिवार में अक्सर लड़ाई-झगड़ा करने लगा।

पत्नी ने बताया डांसर से था सम्पर्क
बिलाल की पत्नी गुलिस्ता ने जब उसका फोन चेक किया तो पता चला कि वह सोनी से ही घंटों बात करता रहता है। इसके बाद एक दिन बिलाल कहीं चला गया। इस मामले में नया मोड़ तब आया, जब 11 फरवरी की शाम जयपुर के एक होटल से वीडियो सामने आया। इस वीडियो में सोनी और बिलाल साथ दिखाई दे रहे थे। इस वीडियो के सामने आने के बाद बिलाल की पत्नी गुलिस्ता ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि बीते वर्ष डांसर सोनी के एक कथित प्रेमी का शव कब्रिस्तान में दबा हुआ मिला था, जिसे लेकर भी कई सवाल उठे थे।
परिवार ने लगाई मदद की गुहार
बिलाल की पत्नी गुलिस्ता का कहना है कि उसके परिवार को तोड़ने की साजिश रची गई है और उसे इंसाफ चाहिए। वह अपने पति के साथ रहना चाहती है। उसे डर है कि सोनी उसके पति के साथ कुछ ना कर दे। उसका पति घर आ जाए। परिवार के सभी लोग सहमे हुए हैं और वह चाहते हैं कि उनका बेटा बिलाल सही सलामत घर आ जाए। पुलिस ने गुलिस्ता की शिकायत पर मामले में गुमशुदगी दर्ज कर ली है।
नशीली चाय पिलाकर ब्लैकमेल किया
गुलिस्ता ने आरोप लगाया कि जिस दिन बिलाल सोनी को उसके घर छोड़ने गया था, उसके कुछ दिन बाद उसने बिलाल को अपने घर बुलाया। वहां उसने चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर बिलाल को पिला दिया। इसके बाद उसके साथ आपत्तिजनक वीडियो बना लिया।
9 जनवरी, 2026 को सोनी ने नशे की हालत में बिलाल का अंगूठा लगवाकर फर्जी निकाहनामा तैयार कर लिया। गुलिस्ता का कहना है कि यह बात जब हम लोगों को पता चली तो हमने विरोध किया। इस पर सोनी ने बिलाल को ‘सोने के अंडे देने वाली मुर्गी’ बताते हुए उसे छोड़ने के बदले 10 लाख रुपए मांगे। पति बिलाल ने एक बार आत्महत्या का प्रयास भी किया था। वह मानसिक रूप से सोनी के दबाव में है।
‘कब्रिस्तान में मिली थी प्रेमी की लाश’
बिलाल के पिता सादिक अली और भाभी सोनम ने बताया कि सोनी पहले भी कई लड़कों को फंसा चुकी है। उसने शाहजमाल इलाके में एक युवक की हत्या करवाई थी, जिसकी लाश कब्रिस्तान में दबी मिली थी। इस केस में वह जेल भी जा चुकी है। घरवालों को डर है कि सोनी बिलाल की भी हत्या कर सकती है।
