अजमेर :100 साल पुराने ‘इस्लामिया स्कूल’ का नाम बदलने पर विवाद, भाजपा महिला मोर्चा ने की थी मांग, अंजुमन कमेटी के सचिव बोले-ऐसे आदेश से हमारा वजूद खत्म नहीं होता
एनसीआई@अजमेर
शहर के करीब 100 साल पुराने ‘राजकीय मोइनिया इस्लामिया स्कूल’ का नाम बदल कर ‘राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, स्टेशन रोड’ कर देने से विवाद पैदा हो गया है। शिक्षा विभाग बीकानेर ने इस सम्बंध में आदेश जारी किया था।
यह स्कूल शहर के स्टेशन रोड पर स्थित है। इसमें हिन्दू और मुस्लिम दोनों समुदाय के बच्चे पढ़ते हैं। इसी के चलते भाजपा महिला मोर्चा ने स्कूल का नाम परिवर्तन करने की मांग उठाई थी, जबकि अंजुमन कमेटी ने इसका विरोध किया था। अब नाम बदलने का आदेश जारी होने के बाद अंजुमन कमेटी के सचिव सरवर चिश्ती ने कहा कि ऐसे आदेशों से हमारा वजूद खत्म नहीं होगा।
उल्लेखनीय है कि 10 महीने पहले शहर भाजपा महिला मोर्चा ने स्कूल का नाम परिवर्तन करने की मांग को लेकर विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी को ज्ञापन दिया था। शिक्षा मंत्री के नाम डीईओ को भी इस सम्बंध में पत्र भेजा था। इस पर स्पीकर वासुदेव देवनानी के निर्देश पर माध्यमिक शिक्षा विभाग बीकानेर ने स्कूल का नाम परिवर्तन करने का आदेश जारी किया है। देवनानी ने कहा कि सनातन संस्कृति के अनुरूप स्कूलों के नाम रखे जा रहे हैं।
‘न तो इस्लाम का और ना ही मुसलमान का वजूद खत्म होगा’
अंजुमन कमेटी के सचिव सरवर चिश्ती ने इस मामले में कहा कि नाम बदलने से न तो इस्लाम का वजूद खत्म होता है और न ही मुसलमान का वजूद खत्म होता है। हमारा गौरवपूर्ण इतिहास रहा है। यह वक्त का पहिया है, जो बदलता रहता है। कल फिर हमारा वक्त होगा। अगर कुछ करना ही था तो उसे इंग्लिश मीडियम कर देते, ताकि गरीब परिवारों के बच्चे भी इंग्लिश स्कूल में पढ़ पाते।
