दनदनाती हुई कार दिल्ली विधानसभा का बैरियर तोड़ अंदर घुसी, स्पीकर ऑफिस के पास गुलदस्ता रखकर रफूचक्कर हुआ नकाबपोश ड्राइवर, तीन को लिया हिरासत में, कार भी बरामद
एनसीआई@नई दिल्ली
दिल्ली विधानसभा केम्पस में सोमवार दोपहर को सुरक्षा में बड़ी चूक हुई। दोपहर करीब दो बजे यूपी नम्बर की एक कार वीआईपी एंट्री वाले गेट नम्बर-2 की बैरिकेडिंग तोड़कर अंदर घुस गई। कार ड्राइवर ने नकाब पहना हुआ था। पुलिस ने इस मामले में ड्राइवर सहित तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है। घटना में काम में ली गई टाटा सिएरा कार भी बरामद कर ली है।

अधिकारियों के अनुसार, आरोपी ड्राइवर सीधे विधानसभा स्पीकर विजेन्द्र गुप्ता के कार्यालय की ओर गया और पोर्च के पास गुलदस्ता रखकर कार सहित मौके से फरार हो गया। हालांकि बम जैसी कोई चीज नहीं मिली। घटना के बाद दिल्ली पुलिस मौके पर पहुंची। गेट नम्बर 2 पर अब सीआरपीएफ की तैनाती की गई है। दिल्ली पुलिस ने आरोपी ड्राइवर सहित 3 लोगों को हिरासत में लिया है। हिरासत में लिए गए लोगों में से एक उत्तर प्रदेश के पीलीभीत का रहने वाला सरबजीत है। पुलिस ने कार भी बरामद की है। हाल ही में विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी।

इससे पहले 20 अगस्त 2025 की सुबह जनसुनवाई के दौरान दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमला हुआ था। इसमें शिकायतकर्ता बनकर पहुंचे आरोपी ने सीएम को कागज देते समय उनका हाथ खींचा था। आरोपी ने उनके बाल खींचे और फिर थप्पड़ मारा था। इस हमले में रेखा के हाथ-कंधे, सिर पर चोटें आईं थीं। आरोपी गुजरात के राजकोट का निवासी राजेशभाई खीमजी था। उसे मौके पर ही तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया था। राजेश पर गुजरात में भी चाकूबाजी सहित 5 केस पहले से दर्ज थे। हालांकि, गिरफ्तारी के दौरान उसके पास कोई हथियार नहीं मिला था।
