हिंडोला पंचमी समारोह में जिला कलक्टर गोस्वामी ने सपरिवार किया पूजन, श्रद्धालुओं ने लगाए जयकारे
एनसीआई@बूंदी
बूंदी के आराध्य भगवान श्री रंगनाथ मंदिर पर सोमवार को हिंडोला पंचमी उत्सव धार्मिक श्रद्धा व हर्षाेल्लास से मनाया गया। इस मौके पर जिला कलक्टर डॉ. रविंद्र गोस्वामी ने भगवान को झूला झुला कर प्रदेश के विकास एवं खुशहाली की कामना की।
श्री रंगनाथ सेवा समिति के अध्यक्ष पुरुषोत्तम पारीक ने बताया कि यह परम्परा वर्षों से चली आ रही है। इसी के अनुरूप सोमवार को जिला कलक्टर डॉ. रविंद्र गोस्वामी ने सपरिवार रावला चौक स्थित श्री रंगनाथ मंदिर पर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। आरती उतारकर बूंदी जिले के विकास एवं खुशहाली की कामना की।
जिला कलक्टर ने सपरिवार गोविंद नाथ जी एवं पिताम्बर जी के दर्शन लाभ भी प्राप्त किए। इस मौके पर उन्होंने उपस्थित सभी श्रद्धालु भक्तजनों से अनुरोध किया कि छोटी काशी अपने आप में महत्वपूर्ण शहर है। हम सभी को मिलकर यहां की साफ सफाई पर ध्यान देना चाहिए। यहां की बावड़ियों की साफ-सफाई और उनकी मरम्मत, राज्य सरकार के साथ-साथ हम सब का भी दायित्व है।
इस अवसर पर पूर्व राज परिवार के वंश वर्धन सिंह ने भी सपरिवार पूजा अर्चना की। बूंदी पर्यटन क्षेत्र में विश्व मानचित्र पर चमके, इसके लिए कामना की। सभी श्रद्धालुओं ने सामूहिक आरतियां बोलकर रंगनाथ जी के जयकारे लगाए। इस मौके पर रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव अशोक विजय, श्री चारभुजा नाथ समिति के मंत्री एडवोकेट अजय नुवाल, समाजसेवी प्रवीण कुमार नामा, देवस्थान विभाग की सहायक आयुक्त रिचा बल, दवा निरीक्षक आशुतोष गुप्ता, जितेन्द्र ओझा, पूर्व पार्षद विजय शंकर टेलर, पार्षद मनीष सिसोदिया आदि गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे। इससे पूर्व पंडित रघुनंदन राज मुखिया व पंडित मुकेश शर्मा ने रंगनाथ भगवान का पंचामृत से स्नान करवाकर नए वस्त्र धारण कराए, पुष्पों से शृंगार किया। इसके बाद भगवान को झूले में बिठाकर झूला झुलाया।
