महेश जोशी के इस्तीफे पर प्रताप सिंह खाचरियावास ने ली चुटकी
एनसीआई@जयपुर
कांग्रेस के मुख्य सचेतक पद से डॉ.महेश जोशी के इस्तीफे के बाद सियासी माहौल गर्माता जा रहा है। वहीं जोशी के इस्तीफे पर खाद्य मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने तगड़ी चुटकी भी ली है। उनके इन चुटिले बाणों से सवाल भी उठ खड़े हुए हैं।
शनिवार को शिवरात्रि पूजन के बाद प्रताप सिंह खाचरियावास मीडिया से रूबरू हुए। इसमें उन्होंने मीडिया के कई सवालों का जवाब दिया। साथ ही डॉ. महेश जोशी के इस्तीफे पर कहा कि इस मामले में वह (जोशी) भाग्यवान हैं। एक साल लेट इस्तीफा क्यों हुआ? ये तो सीएम और प्रदेशाध्यक्ष बता सकते हैं।
जोशी इसलिए हैं भाग्यवान
खाचरियावास ने इस इस्तीफे पर आगे कहा कि हमारी पार्टी में एक व्यक्ति, एक पद का सिद्धांत है। इस सिद्धांत के बावजूद कोई व्यक्ति दो पदों पर रहे, वो तो भाग्यवान है। ऐसा भाग्य सभी को मिले। उन्होंने आश्चर्य जताते हुए कहा कि हरीश चौधरी और रघु शर्मा का इस्तीफा तुरंत हो गया था। मुझे लगता है महेश जोशी भाग्यवान हैं। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि महेश जोशी मुख्यमंत्री के करीबी है, इसमें कोई दो राय नहीं है।
उल्लेखनीय है कि राजस्थान विधानसभा में कांग्रेस के मुख्य सचेतक महेश जोशी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। इसे शनिवार को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मंजूर कर लिया।
25 सितम्बर को यह हुआ था
गौरतलब है कि पिछले साल सितम्बर महीने में कांग्रेस के तत्कालीन पर्यवेक्षक अजय माकन और मल्लिकार्जुन खड़गे जयपुर पहुंचे थे। उन्हें विधायकों के साथ बैठक करनी थी, लेकिन, इस बीच यूडीएच मंत्री शांति धारीवाल के बंगले पर विधायकों की समानांतर बैठक हुई। इस बैठक में काफी विधायक शामिल हुए। इस प्रकार कई विधायक जब पर्यवेक्षकों से मिलने नहीं पहुंचे तो राजस्थान में सियासी बवाल मच गया। इसके बाद धारीवाल और महेश जोशी के साथ एक अन्य विधायक धर्मेंद्र राठौड़ को कांग्रेस अनुशासन समिति ने नोटिस जारी किए थे। उस घटना के बाद अब जब जोशी ने इस्तीफा दिया था कांग्रेस के राजस्थान प्रभारी रंधावा ने इसे उस 25 सितम्बर की घटना पर की गई कार्यवाही बताया।
