April 24, 2026

News Chakra India

Never Compromise

अध्यापिका का कार में स्कूल से घर लौटते समय अपहरण, दूसरी कार में आए आरोपी जबरन उतार अपनी कार में ले गए

अध्यापिका का कार में स्कूल से घर लौटते समय अपहरण, दूसरी कार में आए आरोपी जबरन उतार अपनी कार में ले गए

अलवर के मालाखेड़ा में एक सरकारी स्कूल की अध्यापिका का अपहरण कर लिया गया। बड़ी बात यह है कि इस घटना को अध्यापिका के पति ने ही अपने साथियों के साथ मिलकर अंजाम दिया। मौके पर मौजूद अन्य अध्यापकों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। इस पर पुलिस ने करीब 55 किलोमीटर दूर अध्यापिका को सुरक्षित छुड़ा लिया।

एनसीआई@अलवर

अलवर के मालाखेड़ा इलाके में शुक्रवार को एक सरकारी अध्यापिका का उसके स्कूल से कुछ दूरी पर ही अपहरण कर लिया गया। पता चला कि इस वारदात को अध्यापिका के पति ने ही अपने साथियों के साथ अंजाम दिया। उस समय यह अध्यापिका स्कूल से घर लौट रही थी।

घटनाक्रम के अनुसार अध्यापिका कावेरी मीणा अपनी कार में स्कूल से घर जा रही थी। रास्ते में अचानक एक कार उसकी कार के आगे आकर रुक गई। उस कार में उसका पति 3-4 अन्य लोगों के साथ मौजूद था। इससे पहले कि यह अध्यापिका कुछ समझ पाती, आरोपियों ने उसकी कार को घेर लिया और जबरन उतार कर अपनी कार में बैठा कर ले गए।

यह पूरी घटना इस कदर अचानक हुई कि थोड़ी देर तो कोई कुछ समझ नहीं पाया। फिर मौके पर मौजूद अन्य अध्यापकों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। इस दौरान कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी जैसा माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही एक्शन शुरू

दूसरी ओर, सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई। मामला गम्भीर था, इसलिए तुरंत नाकाबंदी करवाई गई। अलग-अलग रास्तों पर पुलिस टीमों को लगा दिया गया, ताकि गाड़ी को रोका जा सके। पुलिस ने आसपास के जिलों तक अलर्ट जारी किया। पुलिस की इस सक्रियता का असर भी दिखा। करीब 55 किलोमीटर दूर जाकर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई गाड़ी को घेर कर अध्यापिका कावेरी मीणा को सुरक्षित बरामद कर लिया।

पूछताछ में सामने आया कि मामला पति-पत्नी के बीच चल रहे घरेलू विवाद से जुड़ा हुआ है। हालांकि पुलिस अभी हर एंगल से जांच कर रही है, ताकि यह साफ हो सके कि घटना के पीछे असली वजह क्या थी और इसमें शामिल अन्य लोगों की क्या भूमिका रही।

घरेलू विवाद ने लिया ऐसा मोड़, जांच जारी

फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले को गम्भीरता से ले रही है‌। पति और उसके साथ आए लोगों से पूछताछ की जा रही है। यह भी जांच की जा रही है कि क्या महिला की मर्जी के खिलाफ उसे ले जाया गया या मामला किसी और तरह का है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.