मकान के लालच में की थी बजरंग दल कार्यकर्ता राजू परमार की हत्या, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
एनसीआई@उदयपुर
बजरंग दल के पूर्व संयोजक राजेन्द्र उर्फ राजू परमार हत्याकांड मामले में शनिवार देर रात पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रीतम उर्फ बंटी को केवड़े की नाल से गिरफ्तार कर लिया। उससे 1 पिस्टल और 7 राउंड कारतूस भी बरामद हुए हैं। फिलहाल पुलिस प्रीतम से पूछताछ कर रही है।

सूत्रों के अनुसार, विश्वस्त सूचना पर पुलिस रात को केवड़े की नाल में पहुंची तो प्रीतम उर्फ बंटी पुलिस को देख कर भागने लगा। इस पर घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। इस दौरान पहाड़ से गिरने से प्रीतम के पांव में चोट भी आई। उससे पूछताछ में सामने आया कि प्रीतम सिंह के पास खुद का मकान नहीं था। इसलिए वह मकान खरीदने की फिराक में था। इसी बीच वह एक मामले में उदयपुर सेंट्रल जेल में बंद था। वहां उसके साथ हार्डकोर अपराधी दिलीप नाथ भी बंद था। दिलीप नाथ ने प्रीतम की आवश्यकता को जानकर उसे मकान बनाकर देने की बात कही। उसने प्रीतम से कहा- मेरा काम कर देगा तो मैं तेरा घर बनवा दूंगा। इसी लालच में आकर प्रीतम ने एक अन्य आरोपी के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।

वारदात का यह था कारण
दरअसल, दिलीप नाथ और राजू परमार के बीच जमीनों के मामले में विवाद चल रहा था। दिलीपनाथ जहां भी विवादित जमीन का निपटारा या सेटलमेंट करवाता था, वहां राजू परमार बीच में आ जाता था। दिलीप नाथ इससे बहुत परेशान था। दिलीप नाथ ने राजू परमार से यह भी कहा था- नाई, बुझड़ा और सीसारमा गांव के आसपास अगर कोई भी काम करेगा तो आधा हिस्सा मेरा रहेगा। इस प्रकार इनके बीच में वर्चस्व की लड़ाई भी चल रही थी। राजू दिलीप नाथ की बात नहीं मान रहा था। इस पर करीब डेढ़ महीने पहले दिलीप नाथ ने प्रीतम के साथ मिलकर राजू परमार की हत्या की साजिश रची। प्रीतम ने ही उसकी रैकी की। इसके बाद दिलीप नाथ ने विजय मीणा नामक एक शूटर को प्रीतम के पास भेजा। प्रीतम ने विजय के साथ मिलकर राजू परमार की गोली मारकर हत्या की। 5 दिन पूर्व पुलिस ने विजय को पकड़ लिया था। उसने पूछताछ में प्रीतम के साथ मिलकर राजू परमार की हत्या करने की बात कुबूल की थी।
सोशल मीडिया पर ली थी हत्या की जिम्मेदारी
सोशल मीडिया पर राजू की हत्या की जिम्मेदारी लेने वाले गोवर्धन विलास थाने के हिस्ट्रीशीटर प्रीतम सिंह उर्फ बंटी ने लिखा था कि राजू उसके मामा की करोड़ों की जमीन हथियाना चाहता था। इसके चलते उसे गोली मार दी। हालांकि बंटी ने इस पोस्ट को कुछ देर बाद ही डिलीट कर दिया था। तब से पुलिस इस पूरे प्रकरण की जांच में गहनता से जुटी हुई थी।
यह था मामला
गौरतलब है कि 7 फरवरी 2023 को दो बदमाशों ने प्रॉपर्टी व्यवसायी राजेन्द्र उर्फ राजू परमार की उसकी दुकान के बाहर बुलाकर गोली मारकर हत्या कर दी थी। 38 साल का राजू बजरंग दल में जिला संयोजक रह चुका था। इस कारण उसका कई लोगों से विवाद चल रहा था। वारदात के बाद सामने आए एक सीसीटीवी फुटेज में गोली मारने के बाद भागते दो संदिग्धों में से एक संदिग्ध केप लगाकर भागता दिखाई दे रहा था। इस आधार पर भी पुलिस छानबीन कर रही थी। पुलिस को इसमें यह सफलता प्राप्त हुई।
