April 23, 2026

News Chakra India

Never Compromise

मासूम चेहरे की खौफनाक साजिश: नाबालिग छात्रा को उसकी सहेली के सहारे फंसाया, धर्मांतरण का विरोध करने पर किया दुष्कर्म, जुल्म याद कर सिहर उठी पीड़िता

मासूम चेहरे की खौफनाक साजिश: नाबालिग छात्रा को उसकी सहेली के सहारे फंसाया, धर्मांतरण का विरोध करने पर किया दुष्कर्म, जुल्म याद कर सिहर उठी पीड़िता

एनसीआई@बदायूं

उत्तर प्रदेश के बदायूं से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। धर्मांतरण का विरोध करने पर यहां की एक छात्रा से मारपीट की गई। उसे भूखा तक रखा गया। दरअसल कोचिंग इंस्टीट्यूट जाते समय उसे दूसरे समुदाय का युवक बहलाकर ले गया था। पीड़िता ने बयानों में आपबीती बताई। कहा कि कमरे में बंद रखकर शोषण किया गया था।

कोचिंग गई छात्रा को भगाकर ले जाने वाले आरोपी ने उसकी सहेली के सहारे ही उसे प्रेमजाल में फंसाया था। वह उसे बहलाकर मुम्बई ले गया। खाने में नशीला पदार्थ दिया और फिर उसका यौन शोषण किया। फिर दिल्ली लाकर एक मौलवी को बुला धर्म परिवर्तन कराने का प्रयास किया। इसका छात्रा ने विरोध किया तो उससे मारपीट की गई। भूखा रखा गया।

आरोपी युवक शाबान को पुलिस जेल भेज चुकी है। अब धाराओं में बढ़ोतरी की जा रही है। ऐसी यातनाएं झेलने के बाद पीड़िता सदमे में है। उस पर हुए जुल्म की दास्तां सुन कर उसके परिजन भी सिहर उठे। सदमे से उबारने के लिए पीड़िता को उसके रिश्तेदार के यहां भेज दिया गया है।  इधर, पुलिस ने भी कोर्ट में दर्ज हुए बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

यह है पूरा मामला

घटनाक्रम के अनुसार बीती 21 मई को शहर के ही एक इंटर कॉलेज में कक्षा नौ में पढ़ने वाली छात्रा घर से कोचिंग इंस्टीट्यूट जाने के लिए निकली थी। इसके बाद वह लापता हो गई। पुलिस ने परिजनों की लिखित शिकायत पर आरोपी युवक शाबान के खिलाफ बहलाकर ले जाने की धाराओं में एफआईआर दर्ज की थी।

चूंकि आरोपी दूसरे समुदाय का था, ऐसे में पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को समझते हुए आरोपी और छात्रा की बरामदगी की कोशिशें तेज कर दीं। इस दौरान आरोपी शाबान की लोकेशन कभी मुम्बई तो कभी अन्य स्थानों पर आ रही थी। पुलिस ने लोकेशन के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर छात्रा को बरामद किया।

कोर्ट में करवाए बयान

पुलिस ने छात्रा के बयानों के आधार पर दुष्कर्म व पाक्सो एक्ट की धाराओं को और जोड़ दिया। इसके बाद छात्रा के कोर्ट में बयान दर्ज करवाए। कोर्ट में पीड़िता ने उसका धर्मांतरण करने का प्रयास करने की भी बात कही। पीड़िता ने बताया कि उसके खाने-पीने की वस्तु में कोई नशीला पदार्थ दिया जाता था, जिससे वह बेसुध हो जाती थी।

बुर्का और मौलवी को देख किया विरोध

उसे जब धर्म परिवर्तन कराने के लिए बुर्का पहनाया गया और मौलवी को उसने देखा तो उसने विरोध किया। तब उसके साथ मारपीट की गई। उसे खाना तक नहीं दिया गया। उसने भागने का भी प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सकी। इसी बीच पुलिस उसके पास पहुंच गई। पुलिस के पहुंचने की जानकारी मिलते ही मौलवी और आरोपी की मां वहां से भाग गए।

छात्रा को सहसवान ले गया था शाबान

21 मई को आरोपी शाबान पीड़िता को शहर से बाइक पर बैठाकर सहसवान ले गया था। सहसवान में उसने एक रात पीड़िता को अपने रिश्तेदार के घर रखा। वहां उसे जैसे ही पता चला कि मामला पुलिस तक पहुंच गया है तो वह छात्रा लेकर दिल्ली पहुंचा और वहां से मुम्बई ले गया। मुम्बई में एक रात रुकने के बाद यह वापस दिल्ली आ गया।

दिल्ली में शाबान की मां रहती है। उसके पास ही शाबान छात्रा को ले गया। उसकी मां ने ही छात्रा का धर्म परिवर्तन कराने की रणनीति तैयार की। धर्म परिवर्तन की प्रक्रिया शुरू हुई तो छात्रा ने इसका विरोध किया। इस पर उससे मारपीट की गई। पुलिस इस मामले में अब उसकी मां और मौलवी के खिलाफ भी कार्रवाई करने की बात कह रही है।

ऐसे हुआ था मामले का खुलासा

पुलिस ने शक के आधार पर छात्रा की सहेली से पूछताछ की थी। दरअसल, पुलिस को कुछ साक्ष्य ऐसे मिले थे, जिससे स्पष्ट हुआ था कि छात्रा को आरोपी से मिलवाने और उसे भगाने में उसकी सहेली की भूमिका अहम रही है। इस पर पुलिस ने उस लड़की से पूछताछ की तो उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। फिलहाल इलाज की बाद उसकी हालत ठीक है और वह अपने घर पर ही है।

पुलिस ने यह बताया

इस मामले में सीओ सिटी आलोक मिश्रा ने बताया कि पीड़ित छात्रा के बयानों के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल पीड़िता शहर से कहीं बाहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.