राजस्थान में यहां जिला बनाने की मांग को लेकर हाईवे जाम किया तो पुलिस ने लाठीचार्ज किया, आंसू गैस के गोले छोड़े
एनसीआई@जयपुर
सांभर-फुलेरा को जिला बनाने की मांग को लेकर रविवार को लोगों ने अजमेर हाईवे पर जाम लगा दिया। लोगों ने सावरदा (दूदू) के पास हाईवे पर पत्थर डाल दिए। यही नहीं प्रदर्शन कर रहे लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। इस पर पुलिस ने भीड़ को खदेड़ने के लिए लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले दागे। यहां लाठीचार्ज में 24 लोग घायल हो गए, वहीं 50 को हिरासत में लिया गया है।

दरअसल, सांभर-फुलेरा जिला बनाओ संघर्ष समिति ने रविवार को मोखमपुरा (दूदू) में नेशनल हाईवे पर महापड़ाव की चेतावनी दी थी। पुलिस ने महापड़ाव कर रहे लोगों को आकोदा (दूदू) के पास बेरिकेड्स लगाकर रोक लिया। दोपहर 3 बजे करीब लोग पुलिस को चकमा देते हुए खेतों से सावरदा के पास हाईवे पर पहुंच गए और पत्थर डालकर जाम लगाने की कोशिश की।
फिर यह कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों को इस बात की भनक लगते ही वे तुरंत जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और हाईवे पर जाम लगा रहे लोगों पर लाठीचार्ज कर दिया। साथ ही आंसू गैस के गोले भी छोड़े। इससे हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। इस दौरान 24 से ज्यादा लोग पुलिस के लाठीचार्ज में घायल हो गए। जयपुर ग्रामीण एसपी डॉ. राजीव पचार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिनेश शर्मा, दूदू डीएसपी जुल्फिकार अली, जोबनेर डीएसपी मुकेश चौधरी, दूदू एसडीएम भूपेन्द्र सिंह, मौजमाबाद एसडीएम हेमंत कुमार गुप्ता सहित आला अधिकारियों ने यहां मोर्चा संभाला। आखिर भीड़ को हाईवे से हटाकर यातायात सुचारू किया गया।

दूदू एडीएम भूपेंद्र सिंह यादव ने कहा कि शांतिपूर्ण वार्ता चल रही थी। इसी अचानक कुछ उपद्रवी हाईवे की तरफ आ गए। पुलिस ने इन्हें दूर किया। यादव ने कहा कि ये बच्चे हैं, जो कानून को हाथ में ले रहे हैं। उनको पता है और बार-बार अवगत भी कराया गया है कि धारा 144 लगी हुई है। इसके बावजूद हाईवे जाम करने आए हैं। हाईवे पर पत्थर लगाकर जाम करने की कोशिश की, जिसे पुलिस जवानों ने क्लियर कराया है। उन्हें खदेड़ने के लिए पुलिस को मजबूरन आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े।

ऐसे चला पूरा घटनाक्रम
रविवार सुबह सैकड़ों की तादाद में लोग सुबह 11 बजे सांभर से रवाना हुए। प्रदर्शनकारियों को आकोदा में धरना और ज्ञापन देने की परमिशन थी। ये लोग दोपहर करीब 2 बजे आकोदा पहुंचे। अकोदा में पहले से ही भारी तादाद में पुलिस जाब्ता मौजूद था। इसने लोगों को रोक दिया। इसके बाद यहां प्रदर्शनकारियों और प्रशासन के बीच करीब साढ़े तीन बजे तक वार्ता चली। इसी दौरान करीब साढ़े चार बजे प्रदर्शनकारी धीरे-धीरे खेतों में से होते हुए सावरदा (दूदू) लील होटल के पास एनएच 48 पर पहुंच गए और जाम करने की कोशिश की। इससे 5 मिनट तक हाईवे जाम रहा। इसके तुरंत बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई और प्रदर्शनकारियों को खदेड़ दिया।
इस मसले पर कांग्रेस के नेता विद्याधर सिंह ने कहा- सांभर भौगोलिक और आबादी के लिहाज से जिला बनने के लायक है। ऐसे में दूदू को जिला बनाकर सांभर-फुलेरा को उसमें शामिल करना यहां के लोगों के साथ नाइंसाफी है। इस पर हमें जयपुर जिले में ही रहने दिया जाए या सांभर-फुलेरा को अलग जिला बनाया जाए।
