दिल्ली में दिनदहाड़े गन पॉइंट पर लूट: बाइक सवार 4 बदमाशों ने डिलीवरी एजेंट की कैब रोक कर वारदात को दिया अंजाम
एनसीआई@नई दिल्ली
राष्ट्रीय राजधानी की प्रगति मैदान टनल में दो बाइक सवार चार बदमाशों ने एक डिलीवरी एजेंट की कैब गन पॉइंट पर रोक कर 2 लाख रुपए लूट लिए। दिल्ली पुलिस ने सोमवार को बताया कि घटना 24 जून अपराह्न 3 बजे के आसपास की है। इसका वीडियो भी सामने आ गया है।
वीडियो में दिखाई दे रहा है कि दो बाइक सवार 4 बदमाश एक कार का पीछा कर टनल में बीच सड़क पर उसे रोकते हैं। फिर एक बदमाश गन निकालकर कार के सामने खड़ा हो जाता है। बाकी के उसके तीन अन्य साथी कार के दोनों तरफ का गेट खोलते हैं और कैश भरा बैग लेकर फरार हो जाते हैं।
सीसीटीवी फुटेज में घटना के दौरान टनल से कई कार और बाइक सवार गुजरते हुए दिखाई दे रहे हैं, लेकिन इनमें से कोई भी रुकता नहीं है। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। मगर अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
क्लाइंट को कैश देने जा रहा था पीड़ित
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पीड़ित साजन कुमार पटेल चांदनी चौक स्थित ओमिया इंटरप्राइजेज में डिलीवरी एजेंट के रूप में काम करते हैं। 24 जून को वो अपने साथी जिगर पटेल के साथ चांदनी चौक से गुरुग्राम जा रहे थे। उनके पास पैसों से भरा बैग था। बैग उनके क्लाइंट को डिलीवरी करना था।
दोनों ने लाल किला से एक कैब बुक की और रिंग रोड पर गुरुग्राम जाते समय वो प्रगति मैदान वाली टनल में दाखिल हुए। तभी दो बाइक पर सवार 4 बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर कैब रोकी और बैग लूटकर फरार हो गए। साजन कुमार ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। उसने पुलिस को बताया कि बैग में डेढ़ से दो लाख रुपए कैश थे।
टनल पर 16 सिक्योरिटी गार्ड तैनात थे
पुलिस ने बताया कि यह टनल लगभग डेढ़ किलोमीटर लम्बा है। 16 सिक्योरिटी गार्ड टनल की सुरक्षा करते हैं। यह टनल नई दिल्ली को सराय काले खां और नोएडा से जोड़ती है। घटना के वक्त टनल की एंट्री और एग्जिट पर दो सिक्योरिटी गार्ड तैनात थे।
केजरीवाल ने एलजी से मांगा इस्तीफा
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस घटना को लेकर उपराज्यपाल (LG) विनय कुमार सक्सेना से इस्तीफा मांगा है। केजरीवाल ने ट्वीट कर लिखा- LG को इस्तीफा देना चाहिए। किसी ऐसे व्यक्ति को उपराज्यपाल बनाया जाए जो दिल्ली के लोगों को सुरक्षा दे सके। केजरीवाल ने कहा- अगर केन्द्र सरकार दिल्ली को सुरक्षित नहीं बना सकती तो हमें सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंप दे। हम आपको दिखाएंगे कि किसी शहर को उसके नागरिकों के लिए कैसे सुरक्षित बनाया जाता है।
