फार्म हाउस पर सो रहे कांग्रेस नेता की गला काट कर हत्या, छत पर खून से सना मिला शव
एनसीआई@बाड़मेर
सिवाना थाना क्षेत्र के मिठौड़ा गांव में स्थित अपने फार्म हाउस पर सो रहे पूर्व सरपंच और कांग्रेस नेता आम सिंह की बदमाशों ने गला काटकर हत्या कर दी। उनका शव खून से सना हुआ मिला है।

बताया जा रहा है कि आम सिंह रात के समय अकेले ही सो रहे थे। मंगलवार सुबह उनका बेटा घर से चाय लेकर वहां पहुंचा तो वह छत पर खून में सने पड़े थे। आसपास फर्श पर भी खून फैला हुआ था। इस पर उसने रिश्तेदारों और पुलिस को सूचना दी।
इस घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कार्रवाई शुरू की। एफएसएल टीम ने सबूत जुटाए। एएसपी सुभाष खोजा, डीएसपी पचपदरा, बालोतरा ने भी घटनास्थल का दौरा किया। मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई थी।
एएसपी सुभाषचंद्र खोजा ने बताया कि मिठौड़ा गांव निवासी आम सिंह (68) पादरू-मिठौड़ा रोड स्थित अपने फार्म हाउस पर सो रहे थे। सोमवार-मंगलवार की दरम्यानी रात करीब 2 बजे अज्ञात बदमाश आए और धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया। इस दौरान गला कटने से उनकी मौत हो गई। सुबह करीब 5 बजे हमें घटना की जानकारी मिली। इसके बाद डीएसपी और सर्किल का पुलिस बल मौके पर पहुंचा। डॉग स्क्वायड और एफएसएल टीम को भी बुलाया गया।
पुलिस के अनुसार हमलावारों ने धारदार हथियार से आम सिंह के सिर और गले पर वार किए। गला कट जाने से उनकी मौत हो गई। छत पर जगह-जगह खून के धब्बे थे और लहूलुहान हालात में शव छत पर उल्टा पड़ा मिला था।

जानकारी के अनुसार, मृतक आमसिंह की पत्नी का दो साल पहले देहांत हो गया था। वहीं उनके दोनों बेटे मालसिंह और गणपतसिंह खेती-बाड़ी का काम देखते हैं। मृतक के चार-पांच बेरे हैं। वे कभी फार्म हाउस तो कभी घर पर सोते थे। ऐसे में चाय-पानी घर से ही आती थी।
थार गाड़ी में रखे थे 10 लाख रुपए
मामले की जांच में सामने आया है कि हत्यारों ने आम सिंह के गले में पहनी सोने की चेन और अंगूठियां निकाल ली। सोने के ये आभूषण 2-3 तोले के बताए गए हैं। जांच में यह भी सामने आया कि फार्म हाउस में खड़ी थार जीप के अंदर 10 लाख रुपए से ज्यादा रखे हुए थे, जो सुरक्षित मिल गए हैं। अन्य किसी सामान की भी चोरी नहीं हुई है। लिहाजा, पुलिस की टीमें अलग-अलग एंगल से जानकारी जुटा रही हैं। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
सरपंच है बहू
आम सिंह के बड़े बेटे की पत्नी वर्तमान में मिठौड़ा ग्राम पंचायत की सरपंच है। आम सिंह खुद भी उप प्रधान, सरपंच और जिला परिषद सदस्य रह चुके थे। फिलहाल खेती-बाड़ी का काम करते थे। फार्म हाउस से करीब दो किलोमीटर दूर ही उनका घर है, पूरा परिवार वहीं पर रहता है।
पुलिस के अनुसार घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। आसपास रहने वाले लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। आपसी रंजिश की भी जानकारी जुटाई जा रही है। जांच-पड़ताल के लिए डॉग स्क्वायड को मौके पर बुलाया गया है।
ऐसा रहा राजनीतिक सफर
राजस्थान एससी आयोग के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व सिवाना विधायक गोपाराम मेघवाल के मुताबिक ओम सिंह 1988 से 1991 तक सिवाना के उप प्रधान रहे थे। 1995 से 2000 तक मिठौड़ा के सरपंच और 2000 से 2005 तक जिला परिषद सदस्य रहे। वह कांग्रेस के पुराने कार्यकर्ता थे, उनकी हत्या से पूरे जिले में शोक की लहर है।

धरने पर बैठे परिजन
सनसनीखेज मर्डर की खबर फैलते ही घटनास्थल पर सैकड़ों की संख्या में लोग जमा हो गए। वहीं, परिजन और आस-पास के ग्रामीण धरने पर बैठ गए। उनकी मांग है कि तुरंत कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने कार्रवाई नहीं होने तक शव उठाने से इनकार कर दिया।
