बेटी से छेड़छाड़ से परेशान पिता ने की आत्महत्या, दो युवकों ने धमकाया था-बेटी को उठा ले जाएंगे
एनसीआई@पाली
रोहट थाना क्षेत्र के चेंडा गांव में अपने पिता के साथ चाय की होटल पर काम करने वाली लड़की को गांव के ही दो लड़के छेड़ते थे। इससे परेशान होकर उसने पिता को यह बात बताई। इस पर पिता ने उन दोनों युवकों के घर पर शिकायत की, लेकिन कुछ दिन शांत रहने के बाद युवक फिर से छेड़छाड़ करने लगे। यही नहीं युवती के पिता को उसकी बेटी को उठाकर ले जाने की धमकियां तक देने लगे। इससे तनाव में आकर पिता ने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने पीड़ित बेटी की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हरचंद (48) पुत्र नेमाराम पटेल ने 29 जून को घर में फंदा लगाकर जान दे दी थी। मामले में उनकी बेटी ने पुलिस में मामला दर्ज करवाया है। बेटी ने पुलिस को बताया कि उसके पिता की गांव के हॉस्पिटल के पास चाय की केबिन है। पिता का हाथ बंटाने के लिए वह भी उनके साथ काम करती थी।

दुकान पर चाय पीने चेंडा गांव के ही विक्रम सिंह पुत्र शंभू सिंह राजपूत और नेमाराम पुत्र समाराम सरगरा आते थे। दोनों युवक उस पर दोस्ती करने का दबाव बनाते थे। करीब तीन महीने पहले उन्होंने छेड़छाड़ भी की थी। दोस्ती नहीं करने पर उठाकर ले जाने की धमकी दी। इससे परेशान होकर उसने परिवार में यह बात बताई। इस पर उन दोनों के परिजनों से उसके पिता ने शिकायत की। इसके बाद कुछ दिन तो दोनों शांत रहे, लेकिन तीन सप्ताह पहले फिर से छेड़छाड़ करने लगे। दोनों ने उसके पिता को धमकी भी दी कि तेरी बेटी को उठाकर ले जाएंगे, जो करना है कर लेना।
लड़की का आरोप है कि 28 जून को विक्रम सिंह और नेमाराम ने उसके घर पर भी जाकर पिता को धमकाया और कहा कि तुम्हारी बेटी को हमारे साथ भेजो, नहीं तो उठाकर ले जाएंगे। इससे मेरे पिता इतने मानसिक दबाव में आ गए कि 29 जून की सुबह उन्होंने घर में फंदा लगाकर जान दे दी। लड़की ने दोनों युवकों के खिलाफ उसके पिता को सुसाइड के लिए उकसाने का मामला दर्ज करवाया है।
