एनसीआई@जयपुर
बीजेपी के स्टार प्रचारक व उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 16 नवम्बर को हाड़ोती सम्भाग के दौरे पर रहेंगे। सीएम योगी कोटा की पीपल्दा विधासभा क्षेत्र व बूंदी विधानसभा क्षेत्र में बीजेपी प्रत्याशी के समर्थन में जनसभा को सम्बोधित करेंगे। योगी के हाड़ोती सम्भाग के दौरे को लेकर भाजपा तैयारियों में जुटी हुई है।
बीजेपी के प्रदेश महामंत्री मोती लाल मीणा ने बताया कि उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ 16 नवम्बर को सुबह 10 बजे जयपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से हेलिकॉप्टर से पीपल्दा विधानसभा क्षेत्र जाएंगे। पीपल्दा विधानसभा क्षेत्र के इटावा में बीजेपी प्रत्याशी प्रेमचंद गोचर के समर्थन में जनसभा को सम्बोधित करेंगे। दोपहर 12 बजे बाद हेलिकॉप्टर से बूंदी के लिए उड़ान भरेंगे। करीब साढ़े बारह बजे बूंदी में बीजेपी प्रत्याशी अशोक डोगरा के समर्थन में कुम्भा स्टेडियम में आमसभा को सम्बोधित करेंगे। इसके बाद सीएम योगी केकड़ी व पुष्कर जाएंगे। इन जगहों पर भी जन सभाओं को सम्बोधित करेंगे।
मीणा ने बताया कि पार्टी ने हाड़ोती सम्भाग में चार जगहों पर सीएम योगी की सभाओं का प्रस्ताव भेजा था। इनमें केशवरायपाटन व रामगंजमंडी भी शामिल थे, लेकिन दो जगहों पीपल्दा व बूंदी में कार्यक्रम फाइनल हुए हैं।
