राहुल गांधी के विरोध के बीच AI प्रोजेक्ट में सहयोग मिलने पर एनसीपी सुप्रीमो ने तारीफ करते हुए कहा ‘अडानी का नाम लेना होगा, उन्होंने 25 करोड़ का चेक भेजा’
एनसीपी सुप्रीमो शरद पवार ने उद्योगपति गौतम अडानी की एक बार फिर तारीफ की है। बारामती में एक नए प्रौद्योगिकी केन्द्र के निर्माण में वित्तीय मदद के लिए शरद पवार ने उद्योगपति अडानी को धन्यवाद दिया है।
एनसीआई@नई दिल्ली
नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के अध्यक्ष शरद पवार ने एक बार फिर उद्योगपति गौतम अडानी की तारीफ की है। शनिवार को पुणे जिले के बारामती में एक नए प्रौद्योगिकी केन्द्र के निर्माण में वित्तीय मदद के लिए अडानी को धन्यवाद दिया है। पवार बारामती में विद्या प्रतिष्ठान के इंजीनियरिंग विभाग में रोबोटिक लैब के उद्घाटन के दौरान सभा को सम्बोधित कर रहे थे।
इस कार्यक्रम में फिनोलेक्स जे पावर सिस्टम्स लिमिटेड के चेयरमैन दीपक छाबरिया भी मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान सभा को सम्बोधित करते हुए शरद पवार ने कहा कि विद्या प्रतिष्ठान संस्थान ने एक नया प्रोजेक्ट हाथ में लिया है। टेक्नोलॉजी के कारण इंजीनियरिंग क्षेत्र तेजी से बदल रहा है। एक ऐसा वर्ग बनाना बहुत जरूरी है जो आगे बढ़ने के लिए इन बदलावों को स्वीकार करने के लिए तैयार हो।
प्याज किसानों के समर्थन में शरद पवार ने सरकार को दी चेतावनी
शरद पवार ने कहा, “हम भारत में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का पहला सेंटर बना रहे हैं और निर्माण कार्य चल रहा है। इस परियोजना पर 25 करोड़ रुपए की लागत आने वाली है। इसके लिए फंड की व्यवस्था हो चुकी है। मेरी अपील के बाद हमारे सहयोगियों ने इसमें मदद की और तुरंत अपना समर्थन दिया फर्स्ट सिफोटेक जो देश में निर्माण क्षेत्र की सबसे महत्वपूर्ण कंपनी है, उन्होंने इस परियोजना में 10 करोड़ रुपए की मदद करने का फैसला किया है, मैं उन्हें बहुत-बहुत धन्यवाद देना चाहता हूं। इस मौके पर गौतम अडानी का नाम लेना होगा, उन्होंने 25 करोड़ रुपए का चेक संस्था को भेजा है, इन दोनों की मदद से हम आज इस जगह पर ये दोनों प्रोजेक्ट स्थापित कर रहे हैं और काम भी शुरू हो गया है।”
शरद पवार ने यह भी बताया कि 17 से 22 जनवरी तक हम कृषि विकास प्रतिष्ठान के सहयोग से बारामती में एक कृषि प्रदर्शनी लगा रहे हैं। इसमें लाखों किसान हिस्सा लेंगे।
बारामती में पहली स्मार्ट फेक्ट्री का फैसला
एनसीपी चीफ ने कहा, “आज मार्केट में मशीन, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक और कम्प्यूटर जानने-समझने वाले मैनपॉवर की जरूरत है। यदि इस बढ़ती मांग को पूरा करना है, तो देश और विदेश दोनों में नई तकनीक वाले कुशल इंजीनियरों की भारी आवश्यकता है। इन सभी चुनौतियों और अवसरों को ध्यान में रखते हुए, विद्या प्रतिष्ठान ने बारामती में लगभग चार हजार वर्ग फीट में ग्रामीण क्षेत्र की पहली स्मार्ट फेक्ट्री बनाने का निर्णय लिया है, जिसके लिए काम भी शुरू कर दिया गया है।”
दूसरी ओर अडानी का विरोध भी जारी
उल्लेखनीय कि महाविकास अघाड़ी (महाराष्ट्र में विपक्षी पार्टियों का गठबंधन) में एनसीपी की सहयोगी उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी) ने हाल ही में धारावी पुनर्विकास परियोजना को लेकर गौतम अडानी के खिलाफ एक विरोध मार्च निकाला था। इसके अलावा INDI गठबंधन के कई नेता केन्द्र सरकार पर निशाना साधने के लिए अडानी के नाम का सहारा लेते रहते हैं। इनमें कांग्रेस नेता राहुल गांधी प्रमुख रूप से शामिल हैं।
