उज्ज्वल निकम: 37 को दिलवाई फांसी, 628 को उम्रकैद, अब बने बीजेपी के लोकसभा प्रत्याशी, जानें इनके बारे में और भी बहुत कुछ
बीजेपी ने मुम्बई नॉर्थ सेन्ट्रल से पूनम महाजन का टिकट काटकर उज्ज्वल निकम को प्रत्याशी घोषित किया है। उनके सामने यहां कांग्रेस की वर्षा गायकवाड़ मैदान में हैं।
एनसीआई@मुम्बई
बीजेपी ने लोकसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की एक और लिस्ट जारी कर दी है। बीजेपी ने देश के मशहूर वकील उज्ज्वल निकम को मुम्बई नार्थ सेन्ट्रल से टिकट दिया है। इस सीट पर फिलहाल पूनम महाजन दो बार से सांसद हैं। बीजेपी ने इस बार उनका नाम काट दिया है। आइए, जानते हैं देश के मशहूर वकीलों में शुमार उज्ज्वल निकम के बारे में, जिन पर बीजेपी ने भरोसा जताया है।
उज्ज्वल निकम का जन्म महाराष्ट्र के जलगांव में एक मराठी परिवार में हुआ था। उनके पिता एक जज और बेरिस्टर थे। उन्होंने जलगांव के एसएस मनियार लॉ कॉलेज से कानून की डिग्री हासिल की। निकम ने अपने लम्बे करियर के दौरान कई बड़े केस लड़े।
निकम ने लड़े ये बड़े केस
उज्ज्वल निकम ने विशेष सरकारी वकील के रूप में 1993-मुम्बई बम ब्लास्ट, गुलशन कुमार मर्डर केस, प्रमोद महाजन मर्डर केस, मरीन ड्राइव बलात्कार केस, 26/11 हमले जैसे कई हाई प्रोफाइल मामलों में सरकारी पक्ष की पैरवी की। साथ ही उज्ज्वल निकम ने वर्ष 2010 में न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र में आतंकवाद पर आयोजित एक विश्व स्तरीय सम्मेलन में भारत सरकार का प्रतिनिधित्व किया।
• 1991- कल्याण रेलवे ब्लास्ट
• 1993- मुम्बई सीरियल बम ब्लास्ट केस
• 1994 – पुणे राठी हत्याकांड
• 2003- गेट वे ऑफ इंडिया और जवेरी बम धमाका केस
• 2003- गुलशन कुमार हत्याकांड
• 2004- नदीम का लंदन से एक्सट्रेडिशन मामला
• 2006- गैंगस्टर अबू सलेम केस
• 2006- प्रमोद महाजन हत्याकांड
• 2008- 26/11- मुम्बई आतंकी हमला
• 2010- शक्ति मिल गैंगरेप
• 2016- डेविड हेडली मामला
पद्म श्री से हुए सम्मानित
दरअसल, उज्ज्वल निकम एक भारतीय विशेष लोक अभियोजक हैं, जिन्होंने हत्या और आतंकवाद के मामलों पर काम किया है। उज्ज्वल निकम ने 26/11 मुम्बई हमले के मुकदमे के दौरान आतंकी अजमल कसाब को फांसी दिलाने के लिए सरकारी पक्ष का नेतृत्व किया था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, निकम ने 628 दोषियों को उम्रकैद और 37 को फांसी की सजा दिलवाई है। वर्ष 2016 में उज्ज्वल निकम को भारत सरकार ने पद्म श्री से सम्मानित किया था।
किसके खिलाफ लड़ेंगे चुनाव?
उज्ज्वल निकम अब मुम्बई नार्थ सेन्ट्रल से चुनावी ताल ठोकेंगे। इस सीट से कांग्रेस ने वर्षा गायकवाड़ को टिकट दिया है। इस सीट से पूनम महाजन वर्तमान सांसद है। उन्होंने साल 2014 और 2019 में कांग्रेस की प्रिया दत्त को हराया था।
