April 17, 2026

News Chakra India

Never Compromise

पाकिस्तान पहुंच‌ गया भारतीय सेना का ड्रोन, पाक आर्मी ने कब्जे में लिया, यह है पूरा मामला

पाकिस्तान पहुंच‌ गया भारतीय सेना का ड्रोन, पाक आर्मी ने कब्जे में लिया, यह है पूरा मामला

प्रतीकात्मक

भारतीय सेना का एक ड्रोन सीमा पार कर पाकिस्तान पहुंच गया। सेना ने बताया कि तकनीकी खराबी के कारण ड्रोन से नियंत्रण हट गया था। इसके बाद पाकिस्तानी सेना ने ड्रोन को अपने कब्जे में ले लिया है। सेना ने हॉटलाइन से संदेश भेजकर पाकिस्तान से ड्रोन वापस करने को कहा है।

एनसीआई@नई दिल्ली

भारत-पाकिस्तान सीमा पर शुक्रवार को हुई एक अप्रत्याशित घटना में भारतीय सेना का एक छोटा मानव रहित हवाई वाहन (यूएवी) तकनीकी खराबी की वजह से सीमा पार कर पाकिस्तान के निकियाल सेक्टर में चला गया। पाकिस्तानी सैनिकों ने अपने इलाके में गिरे इस भारतीय यूएवी को अपने कब्जे में ले लिया। यूएवी के गैर इरादतन तकनीकी गड़बड़ी से सीमा पार करने की घटना की भारत ने तत्काल हॉटलाइन पर पाकिस्तान को सूचना देते हुए इसे वापस लौटाने को कहा है।

भारत-पाकिस्तान के दरम्यान सीमा पर तनावपूर्ण रिश्तों के बीच भारतीय सैन्य उपकरणों के दुर्घटना वश सीमा पार करने की इस घटना के सन्दर्भ में सेना की ओर जारी एक बयान में कहा गया है, ‘शुक्रवार सुबह 9 बजकर 25 मिनट पर भारतीय क्षेत्र में प्रशिक्षण मिशन के दौरान एक मिनी यूएवी तकनीकी खराबी के कारण नियंत्रण खो बैठा और भारत के भिम्बर गली सेक्टर के सामने पाकिस्तान के निकियाल सेक्टर में चला गया।’

पाकिस्तानी सेना ने बरामद किया यूएवी

सेना ने कहा, ‘मीडिया इनपुट के अनुसार पाकिस्तानी सैनिकों ने इस यूएवी को बरामद कर लिया है। सेना की ओर से इस यूएवी को वापस करने के लिए पाकिस्तानी सेना को हॉटलाइन संदेश भेजा गया है।’

इससे पहले हो चुकी है बड़ी घटना

यूएवी के पाकिस्तान इलाके में जाकर गिर जाने की इस घटना से पहले मार्च 2022 में ब्रह्मोस मिसाइल से एक दुर्घटना हुई थी, जब अचानक एक मिसाइल फायर होकर पाकिस्तान सीमा के भीतर करीब 125 किमी अंदर जाकर गिर गई थी।

हालांकि इससे किसी भी तरह के जान-माल का नुकसान नहीं हुआ था, मगर पाकिस्तान ने इस पर बेहद कड़ा विरोध दर्ज कराते हुए इस घटना की संयुक्त जांच की मांग की थी। भारत ने संयुक्त जांच की मांग तो ठुकरा दी थी, मगर रक्षा मंत्रालय ने इसकी उच्च स्तरीय जांच कराई, फिर इसमें दोषी पाए गए अधिकारियों को बर्खास्त कर दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.